छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती के पिता से मारपीट
असमोली थाना क्षेत्र के गांव गरवारा में युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके पिता के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

असमोली थाना क्षेत्र के गांव गरवारा में युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके पिता के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गरवारा निवासी सुरेंद्र सिंह पुत्र तेजपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार नौ सितंबर की शाम करीब 4:30 बजे उनकी पुत्री असमोली से घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में गांव निवासी अलाउद्दीन पुत्र अशफाक ने युवती के साथ छेड़छाड़ की। युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
घटना की शिकायत करने के लिए सुरेंद्र सिंह आरोपी के घर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद बावू और अलाउद्दीन पुत्रगण अशफाक ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। पीड़ित ने घटना की तहरीर असमोली पुलिस को देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बावू और अलाउद्दीन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


