असम में बांस से बनी साइकिल लॉन्च
-इस परियोजना में करीब 15 करोड़ रुपये के निवेश की तैयारी गुवाहाटी, एजेंसी।

-इस परियोजना में करीब 15 करोड़ रुपये के निवेश की तैयारी गुवाहाटी, एजेंसी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को गुवाहाटी में बांस से बनी साइकिल लॉन्च की। इसका उद्देश्य राज्य को बांस की साइकिल और टिकाऊ परिवहन के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र बनाना है।
पुने की कंपनी की पहल
पुणे की कंपनी बांस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने यह पहल शुरू की है। परियोजना में करीब 15 करोड़ रुपये के निवेश की योजना है। पहले साल में 50 से 100 लोगों को सीधे रोजगार मिलने की उम्मीद है।
साइकिल निर्माण की योजना
कंपनी शुरुआती चरण में हर महीने करीब 1,000 बांस की साइकिल बनाने की योजना पर काम कर रही है। इन साइकिलों का निर्माण चायगांव के बांस पार्क में किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि कंपनी पहले से ही असम के बांस से टूथब्रश और कंघी समेत कई उत्पाद बना रही है। इसी वजह से राज्य सरकार ने कंपनी को असम में उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया था। सरमा ने कहा कि लॉन्च की गई साइकिलों को गुवाहाटी के अलग-अलग पार्कों में रखा जाएगा। आम लोगों की प्रतिक्रिया ली जाएगी। सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने पर सरकार भविष्य में बांस की साइकिल के उत्पादन को सहयोग देगी। सरकार के अनुसार, साइकिल की गुणवत्ता और सुरक्षा को मान्यता प्राप्त संस्थानों से प्रमाणित कराया गया है। इनमें भारतीय मानक ब्यूरो भी शामिल है।
बांस में उद्योग की संभावनाएं
सरमा ने कहा कि असम में बांस की उपलब्धता को देखते हुए इससे कई तरह के उद्योग विकसित किए जा सकते हैं। उनके मुताबिक, बांस से करीब 800 तरह के उत्पाद बनाए जा सकते हैं। इनमें टाइल, मेथनॉल, एथनॉल और टिकाऊ विमान ईंधन जैसे उत्पाद भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया में बांस पर हो रहे शोध और नई तकनीक के चलते आने वाले वर्षों में यह और महत्वपूर्ण संसाधन बन सकता है।

