सहारनपुर की बेटी प्राची चौधरी ने पीएम मोदी से की मुलाकात
य स्तर पर चमकीं प्राची, गांव में खुशी की लहर फोटो 802 सरसावा, संवाददाता। सरसावा के झबीरन गांव की अंतरराष्ट्रीय धाविका प्राची चौधरी ने गुरुवार को

सरसावा। सरसावा के झबीरन गांव की अंतरराष्ट्रीय धाविका प्राची चौधरी ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाने वाली प्राची भारतीय खिलाड़ियों के उस दल में शामिल रहीं, जिसके साथ प्रधानमंत्री ने मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में संवाद किया। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, लगन और उपलब्धियों की सराहना की। प्राची चौधरी ने एशियन गेम्स में महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा वह महिलाओं की 4×400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहीं।
इस स्पर्धा में प्राची, किरण पहल, माचेटिरा पूवम्मा और विथ्या रामराज की चौकड़ी ने 3 मिनट 29.69 सेकंड में दौड़ पूरी कर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद प्राची ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि देश के लिए पदक जीतने के बाद प्रधानमंत्री से मिलने और उनसे बातचीत करने का अवसर खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए हमेशा देश के लिए पदक जीतना लक्ष्य रहता है। प्रधानमंत्री का खिलाड़ियों से मिलना और उनका उत्साह बढ़ाना आगे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देता है। प्राची ने विकसित भारत के संकल्प और देश में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि खेल के मैदानों और सुविधाओं में सुधार से नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली प्राची की इस उपलब्धि से सहारनपुर जिले और उनके गांव में खुशी का माहौल है। एशियन गेम्स में पदक जीतने के बाद से ही उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं। प्रधानमंत्री से मुलाकात उनके खेल सफर का एक यादगार पड़ाव बन गई है।

