संघ कार्य ही था अशोक सिंघल का जीवन : चंपत राय

हिन्दुस्तान, बिजनौर
share

बिजनौर में अशोक सिंघल जन्म शताब्दी समारोह में चंपत राय ने कहा कि सिंघल ने अपना जीवन सनातन धर्म, सामाजिक समरसता और राम मंदिर निर्माण के लिए समर्पित किया। उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन को व्यापक बनाने और साधु-संतों को एकजुट करने में सिंघल के योगदान का उल्लेख किया। सतीश महाना ने जातिवाद का विरोध किया और राम मंदिर निर्माण को उनकी प्राथमिकता बताया।

संघ कार्य ही था अशोक सिंघल का जीवन : चंपत राय
संघ कार्य ही था अशोक सिंघल का जीवन : चंपत राय

विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने कहा कि अशोक सिंघल का संपूर्ण जीवन सनातन धर्म, समाज में समरसता और राम मंदिर निर्माण के लिए समर्पित था। उन्होंने यह विचार सोमवार को बिजनौर के नुमाइश ग्राउंड में आयोजित अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष उद्घाटन समारोह में व्यक्त किए। चंपत राय ने भाषण की शुरुआत में कहा कि सिंघल की जन्म शताब्दी कार्यक्रम के निमित्त उनका बिजनौर आना हुआ। इससे पहले उन्होंने 1966 से 1969 तक यहीं रहकर अपनी पढ़ाई की और आपातकाल 1975 के दौरान छह महीने जेल में भी रहे थे। उन्होंने बताया कि अशोक सिंघल का संपर्क 15-16 वर्ष की आयु में इलाहाबाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से हुआ था, जिसके बाद वह पूरी तरह से संघ के कार्य में विलीन हो गए और मां की आज्ञा को भी आरएसएस के आमंत्रण पर टाल दिया था।

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान मिली दिशा के बाद उन्होंने अपनी पढ़ाई छोड़ दी और केरल के एक साधु के मार्गदर्शन व माता-पिता के आशीर्वाद से अपना जीवन राष्ट्र और धर्म के लिए समर्पित कर दिया। 1982 में विश्व हिंदू परिषद से जुड़ने के बाद उन्होंने देशभर के साधु-संतों को एकजुट किया। उनके प्रयासों से ही राम जन्मभूमि आंदोलन ने व्यापक रूप लिया और अयोध्या को लेकर देशवासियों के मन में नई चेतना जागी। विदेशों में रहने वाले हिंदुओं के दिलों में अपनी मातृभूमि के प्रति प्रेम जगाने के लिए उन्होंने अटल जी के कार्यकाल में प्रवासी भारतीय सम्मेलनों की शुरुआत की जो आज भी जारी है।

अशोक सिंघल का जीवन और राम मंदिर आंदोलन

मंदिरों की रक्षा और इंदिरा गांधी तक संदेश

चंपत राय ने बताया कि अशोक सिंघल ने दिल्ली में देवी मंदिर पर कब्जे के विरोध में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी तक रॉ के मुखिया के माध्यम से अपनी बात पहुंचाई और हिंदू संस्कृति पर आक्रमण को कभी सहन नहीं किया।

सनातन संस्कृति और राम जन्मभूमि आंदोलन

सनातन संस्कृति में जातिवाद का कोई स्थान नहीं : सतीश महाना

समारोह में मुख्य अतिथि ​उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने समाज को बांटने वाली ताकतों और जातिवाद की राजनीति पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में जातिवाद का कोई स्थान नहीं है और हमारे सभी भाई किसी भी जाति या धर्म के हों, वे सब हिंदू और सनातनी हैं।

सतीश महाना ने कहा कि देश की आजादी के बाद यदि सबसे बड़ा कोई आंदोलन हुआ है तो वह श्री राम जन्मभूमि मुक्ति का आंदोलन था। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीति से ऊपर उठकर उनके लिए हमेशा से राम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण ही प्राथमिकता रहा है।

उन्होंने अशोक सिंघल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ‘नींव से लेकर शिखर तक’ राम मंदिर के भव्य निर्माण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। कठिन परिस्थितियों और स्कूटर से यात्रा करने के दौरान उन पर हुए हमलों का जिक्र करते हुए महाना ने कहा कि उस समय भी उनके मन में मंदिर निर्माण को लेकर अटूट विश्वास था। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल ने देश के संतों को एक मंच पर लाकर राम जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन की नींव रखी थी। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से अपील की कि भ्रामक प्रचारों से दूर रहें और अपने नेतृत्व व सनातन संस्कृति पर पूरा विश्वास रखते हुए अशोक सिंघल को श्रद्धेय रूप में याद करें।

शंकराचार्य ने साझा कीं पुरानी यादें

जगद्गुरु शंकराचार्य ने यादें की ताजा

बिजनौर। शारदा पीठाधीश्वर जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी राजेश्वराश्रम महाराज ने अपने संबोधन में पूर्व के विश्व हिन्दू परिषद संगठन की यादें ताजा करते हुए कहा, कि एक समय सत्संग हुआ करता था। कहा कि आज गले में जो पटका पहने हैं याद रखें ये पटका पटक भी देता है, आत्मचेतना पर ध्यान दें। सत्ता दुधारी तलवार है, राजसत्ता आज तक किसी एक की नहीं हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं के सफेद कुर्तों में लगे कलफ पर चुटकी लेते हुए कहा कि इतना कलफ लगाते हैं कि किसी के सिर में मार दें तो सिर फूट जाए। उन्होंने अशोक सिंघल के साथ पुराने समय की यादें ताजा करते हुए इमरजेंसी तक में साथ रहने की बात बताई।

समारोह में मंच पर मौजूद अतिथि

​ये रहे मंच पर मौजूद

विहिप के विभाग संयोजक मनोज शर्मा के संचालन और कुलदीप जैन की अध्यक्षता व शारदा पीठाधीश्वर जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी राजेश्वराश्रम महाराज के पावन सानिध्य में हुए समारोह में मंच पर मुख्य अतिथि सतीश महाना, मुख्य वक्ता चंपत राय के अतिरिक्त क्षेत्र संगठन मंत्री विहिप मुकेश खांडेकर तथा विशिष्ट अतिथि आधारशिला द स्कूल के प्रबंधक विवेक कर्णवाल मौजूद रहे।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦अशोक सिंघल ने अपना जीवन किन कार्यों के लिए समर्पित किया था?−
चंपत राय के अनुसार, अशोक सिंघल ने अपना जीवन सनातन धर्म, समाज में समरसता और राम मंदिर निर्माण के लिए समर्पित किया था।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsसंघ कार्य ही था अशोक सिंघल का जीवन : चंपत राय