आशी पटेल ने राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता
- पुणे में पांचवीं इंडिया ताइक्वांडो क्योरुगी नेशनल चैंपियनशिप 2026-27 हुई - 13 वर्षीय आशी

गाजियाबाद, वंदना। राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में आशी पटेल ने स्वर्ण पदक जीतकर परचम लहराया। पुणे स्थित श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 5वीं इंडिया ताइक्वांडो क्योरुगी नेशनल चैंपियनशिप 2026-27 का आयोजन किया गया। चैंपियनशिप में आशी ने 55 किग्रा. भारवर्ग में कैडेट वर्ग में सभी खिलाड़ियों को हराकर पहला स्थान प्राप्त किया।
चैंपियनशिप में भागीदारी
चैंपियनशिप में देशभर से 1200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इसमें 13 वर्षीय आशी ने चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया। इस दौरान इंडिया ताइक्वांडो ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का भारतीय ताइक्वांडो टीम प्रशिक्षण शिविर में चयन करने की घोषणा की। इससे पहले आशी ने वर्ष 2026 में काठमांडू, नेपाल में आयोजित चौथी माउंट एवरेस्ट इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। वहीं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में चार, राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में आठ और जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में 20 से अधिक पदक जीत चुकी हैं। आशी ने सफलता का श्रेय परिवार और प्रशिक्षकों को दिया है। वह वसुंधरा ताइक्वांडो अकादमी में अभ्यास करती हैं। इस अवसर पर उनके घर में खुशी का माहौल हैं। खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्यस्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में चयन
तीन बालिकाओं का राज्यस्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में चयन:
जिले की तीन बालिकाओं का चयन राज्यस्तरीय विद्यालय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए किया है। आस्था, माहिरा और वंशिका राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में मेरठ मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगी। तीनों बालिकाओं ने बागपत में हुई मंडलीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर उनका राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयन किया गया है। वंशिका का चयन अंडर-17, आस्था और माहिरा का चयन अंडर-19 आयुवर्ग में किया गया है। तीनों बालिकाएं एमबी गर्ल्स इंटर कॉलेज चंद्रपुरी की छात्रा हैं। इस अवसर पर प्रधानाचार्या अंतिमा चौधरी ने बालिकाओं को शुभकामनाएं देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रदेशीय कराटे प्रतियोगिता में मानसी का प्रदर्शन
मानसी ने प्रदेशीय कराटे प्रतियोगिता में रजत जीता:
प्रदेशीय विद्यालय कराटे प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर मानसी ने जिले के साथ पूरे मंडल का नाम रोशन किया। लखनऊ में 70वीं प्रदेशीय विद्यालय कराटे प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मानसी ने मेरठ मंडल का प्रतिनिधित्व किया। इसमें अंडर-17 आयुवर्ग में मानसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। मानसी एमबी गर्ल्स इंटर कॉलेज चंद्रपुरी की छात्रा हैं। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने मानसी को शुभकामनाएं दी।


