बकाया भुगतान को ले आशा कार्यकर्ताओं हड़ताल पर
हसनपुरा के आशा फैसिलिटेटर और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की। उनकी मांगें हैं कि सरकार द्वारा अगस्त 2025 से लंबित सभी बकाया भुगतान किया जाए और सेवानिवृत्ति आयु सीमा 65 वर्ष की जाए। वे स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान के बावजूद सामाजिक सुरक्षा और सुविधाओं की कमी पर नाराज हैं।

हसनपुरा, एक संवाददाता। नगर पंचायत हसनपुरा समेत प्रखंड क्षेत्र की दर्जनों आशा फैसिलिटेटरों एवं आशा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सामूहिक रूप से कार्य का बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। बिहार राज्य आशा कार्यकर्ता संघ एवं महासंघ गोप गुट के आह्वान पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आयोजित आंदोलन में आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के प्रति नाराजगी जताई और शीघ्र समाधान की मांग की। आशा व आशा फैसिलिटेटरों ने कहा कि अगस्त 2025 से लंबित सभी बकाया भुगतान का अविलंब निपटारा किया जाए। इसके अलावा आशा एवं आशा फैसिलिटेटरों ने सेवानिवृत्ति की आयु सीमा को स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मियों की तरह 65 वर्ष करने, रिटायरमेंट पैकेज देने तथा पेंशन योजना लागू करने की भी मांग उठाई।
उनका कहना था कि वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण योगदान देने के बावजूद उन्हें पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जिससे उनके भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। हड़ताल में अनिता कुमारी, किरण कुमारी, रमावती देवी, सरिता देवी, रानी कुमारी, रीमा देवी, खुशी कुमारी, सीमा कुमारी, मुन्नी देवी, सरस्वती देवी, मीरा देवी, गरिमा कुमारी सहित दर्जनों आशा फैसिलिटेटर एवं आशा कार्यकर्ता मौजूद थी।


