आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल ने रविवार को घोषणा की कि पार्टी पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल रविवार को बरनाला शहर में एक रैली के साथ लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत करने पंजाब पहुंचे थे। उन्होंने संगरूर में मीडिया से कहा- लोग बदलाव चाहते हैं। वे मोदी सरकार से तंग आ चुके हैं। लोकसभा चुनाव में भाजपा हार जाएगी।
केजरीवाल ने आप पंजाब इकाई के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की, जिसमें सांसद भगवंत मान, विपक्ष के नेता हरपाल चीमा और विधायक अमन अरोड़ा शामिल थे। आप ने अक्तूबर में लोकसभा सीट के लिए पांच उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। ये सीटें हैं संगरूर, फरीदकोट, होशियारपुर, अमृतसर और आनंदपुर साहिब।
-दो सांसदों का निलंबन बरकरार
पंजाब से आप के दो सांसद, धरमवीरा गांधी और हरिंदर खालसा, जिन्हें अगस्त 2015 में आप से निलंबित कर दिया गया था। उन्हें अब तक पार्टी उम्मीदवारों के रूप में नामित नहीं किया गया है। उनका निलंबन भी यथावत है। आप से दो मौजूदा सांसद भगवंत मान (संगरूर) और साधु सिंह (फरीदकोट) की उम्मीदवारी बरकरार है।
अरविंद केजरीवाल बोले- पद और टिकटों के लालची थे ‘आप’ छोड़ने वाले
-पार्टी में अंदरूनी विवाद कायम
पंजाब में 13 लोकसभा सीटें हैं। मार्च 2017 से राज्य में कांग्रेस की सरकार है। आप ने पंजाब में पारंपरिक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन के खिलाफ तीसरे विकल्प के रूप में बहुत उम्मीदें दिखाई थीं, लेकिन पिछले दो वर्षों से पार्टी में अंदरूनी विवाद व विद्रोह की खबरें आती रही हैं। विधायक सुखपाल सिंह खैरा, एचएस फुल्का और बलदेव सिंह पार्टी छोड़ चुके हैं। फुल्का विधायक पद से भी इस्तीफा दे चुके हैं।
एनडीए सरकार से तंग है जनता: केजरीवाल
केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा- देश के लोग लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना चाहते हैं। वे एनडीए के पांच साल के शासन से तंग आ चुके हैं। उन्होंने लोगों के दिमाग में जहर भर दिया है। सभी पार्टियों के नेता साथ आए हैं और उन्होंने लोगों से भाजपा को हराने का आग्रह किया है।
मिशन 2019: चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए मायावती ने बुलाई बैठक