जवाहर नवोदय विद्यालय में संकुल स्तरीय दो दिनी प्रतियोगिता शुरू
गुमला में जवाहर नवोदय विद्यालय में कला उत्सव प्रतियोगिता-2026 का आयोजन हुआ। इसमें 21 विद्यालयों के लगभग 350 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में विभिन्न कला श्रेणियों जैसे नृत्य और थियेटर का प्रदर्शन किया जाएगा। प्राचार्य प्रदीप कुमार ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

गुमला प्रतिनिधि। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय गुमला में मंगलवार को संकुल स्तरीय दो दिवसीय कला उत्सव प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार शुक्ला ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता आठ और नौ सितंबर तक चलेगी। इसमें रांची संकुल के अंतर्गत आने वाले 21 विद्यालयों के करीब 350 छात्र-छात्राएं और उनके मार्गदर्शक शिक्षक-शिक्षिकाएं हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता की गतिविधियाँ
प्रतियोगिता में सोलो शास्त्रीय नृत्य, समूह क्षेत्रीय नृत्य, समूह शास्त्रीय व लोक नृत्य तथा समूह थियेटर सहित विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागी अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उद्घाटन अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कलात्मक गतिविधियों से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
प्राचार्य का संदेश
प्राचार्य प्रदीप कुमार शुक्ला ने कहा कि कला उत्सव विद्यार्थियों की बहुमुखी कलात्मक, रचनात्मक और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अपनी संस्कृति के प्रति समझ विकसित करने के साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को भी निखारते हैं।
निर्णायक मंडल
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में गुमला की स्थानीय विशेषज्ञ डॉ. शीतल उरांव, जयंती डुंगडुंग और श्वेता किंडो शामिल हैं। विद्यालय के प्राचार्य ने निर्णायक मंडल के सदस्यों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय गुमला के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संगीत शिक्षक दिग्विजय कुमार और सीसीए विभाग के छात्र-छात्राओं की देखरेख में किया जा रहा है।


