छात्र-छात्राओं आधुनिक रेलवे पर उकेरे चित्र
झांसी में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत भिंड, छतरपुर, टीकमगढ़ और हरपालपुर रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास से पहले जन जागरूकता बढ़ाने हेतु प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने आधुनिक रेलवे और राष्ट्र निर्माण पर विचार व्यक्त किए। केंद्रीय मंत्री ने प्रतियोगियों की प्रतिभा की सराहना की और कहा कि प्रतियोगिताएं रचनात्मक सोच को बढ़ावा देती हैं।

झांसी। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए जा रहे भिंड, छतरपुर, टीकमगढ़ एवं हरपालपुर रेलवे स्टेशनों के लोकार्पण समारोह से पहले जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झांसी मंडल द्वारा विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं हुई। प्रतियोगिताओं का विषय मेरे शहर का विकसित रेलवे स्टेशन भारत में कैसा होगा एवं विकसित भारत बनाने के लिए मैं क्या करूंगा/करूंगी? रखा गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आधुनिक रेलवे, विकसित भारत एवं राष्ट्र निर्माण की अवधारणा को चित्रों, निबंधों एवं प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से हुनर दिखाया और सभी को कायल बना दिया। इसी क्रम में पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय, छतरपुर में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता का अवलोकन करने हेतु भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता डॉ. वीरेंद्र कुमार विद्यालय पहुँचे।
उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकृतियों का अवलोकन किया तथा उनकी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता एवं प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ बच्चों में रचनात्मक सोच, नवाचार एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। झांसी मंडल के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 17 जुलाई को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आयोजित लोकार्पण समारोह के अवसर पर भारत सरकार द्वारा नामित प्रतिनिधि के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा।


