बैंक डकैती का एक और आरोपी गिरफ्तार
बीते 17 अप्रैल को बैंक आफ महाराष्ट्र बैढ़न में हुई डकैती का मामला हुई डकैती का मामला बिहार के नालन्दा से गिरफ्तार हुआ फंटूस कुमार

सिंगरौली,हिंदुस्तान संवाद। सिंगरौली मप्र के बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में बीते 17 अप्रैल को हुई सनसनीखेज डकैती के मुख्य आरोपियों में शामिल फंटूस कुमार यादव उर्फ ननकी पुत्र रामइकबाल यादव उम्र 22 वर्ष को पुलिस ने बिहार के नालंदा जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर 79 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दो अपाचे मोटरसाइकिल और हेलमेट भी बरामद किया गया है। फंटूस कुमार यादव निवासी खीरूबिगहा, जिला नालंदा (बिहार) बैंक डकैती के बाद से ही फरार चल रहा था। उसे एक सितंबर को हिलसा बाजार, थाना हिलसा, जिला नालंदा बिहार से गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में फंटूस ने बताया कि बैंक डकैती की योजना पीयूषराज जायसवाल ने बनाई थी। योजना के मुताबिक वह अपने साथी कमलेश, पंकज, राजेश और छोटू के साथ घटना से कुछ दिन पहले सिंगरौली आया था जहां आरोपियों ने बैंक और आसपास के इलाके की रेकी की।
घटना का विवरण
इसके बाद तय योजना के अनुसार 17 अप्रैल को बैंक में डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया। वारदात के बाद मोटरसाइकलों से फरार हुए लेकिन घटना में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलों को झारखंड के गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र में लावारिस छोड़ दिया था।
गिरफ्तारी और बरामदगी
फंटूस कुमार को मिला कर अब तक पुलिस बिहार,झारखण्ड ओडिशा और छत्तीसगढ़ डकैती में शामिल दस अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसमें मई में बिहार से तीन मुख्य मददगार प्रभाकर सिंह,रविनन्दन और हर्षराज भी शामिल है जिन्होने माना जा रहा है कि लूट के सोने को खपाने की योजना तैयार की थी। इससे पूर्व सिम उपलब्ध कराने वाले भी दबोचे गये लेकिन अभी तक लूटे गये लगभग 35 लाख रुपये नगद और दस किलो सोने में कितना बरामद हुआ है पुलिस इसका खुलासा करने से गुरेज करती रही है।


