राजू पर समस्तीपुर, दरभंगा व बक्सर में दर्ज हैं कई मामले
समस्तीपुर में रेल पुलिस ने पुरी की रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से चेन झपटमारी करने वाले गिरोह के सदस्य राजू लश्कर को गिरफ्तार किया। राजू पर समस्तीपुर, दरभंगा, बक्सर और ओडिशा के पुरी में कई मामले दर्ज हैं। जांच से अन्य 7 संदिग्धों की संलिप्तता भी सामने आई है।

समस्तीपुर। चेन झपटमारी गिरोह के एक सदस्य की गिरफ्तारी पर मंगलवार को रेल थानाध्यक्ष बीरबल कुमार राय ने थाने पर प्रेसवार्ता की।बताया कि पुरी की रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से चेन झपटमारी करने वाले गिरोह के सदस्य राजू लश्कर को समस्तीपुर रेल पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ समस्तीपुर, दरभंगा और बक्सर के अलावा ओडिशा के पुरी में भी कई मामले दर्ज हैं। आरोपित राजू पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के चंपाहाटी, बरूईपुर का रहने वाला है। पुरी में रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से चेन झपटमारी की घटनाओं में आरोपित की भूमिका सामने आई थी। इस मामले में पुलिस कार्रवाई के दौरान 7 लोगों को गिरफ्तार कर उनसे बरामद मोबाइल की जांच की गयी।
जांच में समस्तीपुर और दरभंगा में दर्ज मामले में भी इनकी संलिप्तता उजागर हुयी है। प्रेस वार्ता में इंस्पेक्टर अविनाश करोसिया, दीपक कुमार, विवेक कुमार, बालमुकुंद कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।


