दुष्कर्म के आरोपी का मिला रिमांड, अस्पताल से छुट्टी के बाद जाएगा जेल
प्रयागराज में 14 साल की किशोरी से दुष्कर्म के मामले में मुशर्रफ नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल चेकअप कराया है और आरोपी को जेल भेजने के लिए डॉक्टरों की अनुमति का इंतज़ार कर रही है।

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। पूरामुफ्ती में किशोरी से दुष्कर्म और सिगरेट से दागने के सनसनीखेज मामले में गिरफ्तार आरोपी मुशर्रफ को पुलिस ने कोर्ट से रिमांड पर ले लिया है। हालांकि मुठभेड़ में दोनों पैरों में गोली लगने के कारण आरोपी अभी अस्पताल में भर्ती है। डॉक्टरों की अनुमति मिलने के बाद उसे जेल भेजा जाएगा। पुलिस ने सोमवार को किशोरी का मेडिकल चेकअप कराया है। पुलिस मंगलवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराएगी।14 साल की किशोरी से दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपी मुशर्रफ को रविवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी को फतेहपुर घाट से टिकरी जाने वाले मार्ग पर ईंट भट्ठे के पास घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया, तो उसने तमंचे से फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।
जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूरामुफ्ती थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि अदालत से आरोपी का रिमांड मिल गया है, लेकिन वह अस्पताल में भर्ती है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों की सलाह और स्वास्थ्य स्थिति सामान्य होने के बाद उसे जेल भेजा जाएगा। पुलिस साक्ष्यों और लड़की की मेडिकल जांच व बयान के आधार पर मामले की विवेचना आगे बढ़ा रही है।


