वाद-विवाद प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल गोरखपुर विजेता
प्रयागराज में आर्मी पब्लिक स्कूल न्यू कैंट में हिन्दी वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित हुई। विषय था ‘बहुविषयक शिक्षा व्यवस्था वास्तविक दुनिया की जटिलताओं और 21 वीं सदी की चुनौतियों का समाधान’। प्रतियोगिता में कई स्कूलों ने भाग लिया। विजेता आर्मी पब्लिक स्कूल गोरखपुर रहा जबकि उपविजेता एसपी मार्ग लखनऊ रहा।

प्रयागराज। आर्मी पब्लिक स्कूल न्यू कैंट में मध्य कमांड के क्लस्टर-दो की हिन्दी वाद-विवाद प्रतियोगिता मंगलवार को हुई। ‘बहुविषयक शिक्षा व्यवस्था वास्तविक दुनिया की जटिलताओं और 21 वीं सदी की चुनौतियों का समाधान’ विषयक प्रतियोगिता में सेंट्रल कमांड के क्लस्टर-दो के तहत आने वाले सात विद्यालय आर्मी पब्लिक स्कूल जबलपुर-दो, आर्मी पब्लिक स्कूल क्लेमेनटाउन, आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत, आर्मी पब्लिक स्कूल आगरा, आर्मी पब्लिक स्कूल मेरठ, आर्मी पब्लिक स्कूल एसपी मार्ग लखनऊ तथा आर्मी पब्लिक स्कूल गोरखपुर ने भाग लिया। उद्घाटन मुख्य अतिथि विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर नवनीत डागर, निर्णायक मंडल के सदस्यों तथा विद्यालय की प्रधानाचार्य नीना शंकर ने दीप जलाकर किया।
वाद-विवाद में छात्र-छात्राओं ने विषय के पक्ष तथा विपक्ष में अपने-अपने तर्क रखे, जिसके परिणाम स्वरूप आर्मी पब्लिक स्कूल गोरखपुर विजेता रही जबकि आर्मी पब्लिक स्कूल एसपी मार्ग लखनऊ उपविजेता रही। इसके अतिरिक्त सर्वोत्तम पक्ष वक्ता एपीएस आगरा की 'योगिता', सर्वोत्तम विपक्ष वक्ता एपीएस गोरखपुर की कृतिका तिवारी तथा सर्वोत्तम प्रश्नकर्ता एपीएस रानीखेत की 'वर्षा जोशी' रहीं। विद्यालय की हेड गर्ल प्रिषा बिष्ट ने आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापन किया।


