अपडेट खबर--- अमेरिका में गुजराती स्टोर मालिक की गोली मारकर हत्या
अमेरिका के टेनिसी राज्य के जैक्सन शहर में सुरेश पुरुषोत्तमदास पटेल की उनके स्टोर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय उनकी 19 वर्षीय बेटी भी मौजूद थी, लेकिन वह बच गई। लुटेरा कैश लूटने के बाद फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

- लुटेरे ने कैश लूटकर चलाईं गोलियां, बेटी पास ही खड़ी थी मेहसाणा, एजेंसी। अमेरिका के टेनिसी राज्य के जैक्सन शहर में गुजरात के मेहसाणा जिले के व्यवसायी सुरेश पुरुषोत्तमदास पटेल (62) की उनके स्टोर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय उनकी 19 साल की बेटी भी वहीं मौजूद थी। सुरेश के गांव अजख के रहने वाले दिनेश सुतार ने बताया कि सुरेश पिछले 30 साल से अमेरिका में रह रहे थे। वह काफी समय तक शिकागो में रहे। घटना से एक सप्ताह पहले ही उन्होंने अपना नया स्टोर जैक्सन में शुरू किया था。
घटना का विवरण
घटना के बारे में बताते हुए सुतार ने कहा कि 20 अगस्त की रात को एक लुटेरा उनके स्टोर में घुसा। उसने मास्क लगाया हुआ था और जींस-टीशर्ट पहनी हुई थी। पहले उसने स्टोर में रखा कैश लूटा और फिर सुरेश को गोली मार दी। उनकी बेटी स्टोर में वहीं पास में ही खड़ी हुई थी, लेकिन वह बच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी नकदी लेकर सफेद रंग की सेडान कार से फरार हुआ। दुकान में मौजूद एक 70 वर्षीय कर्मचारी भी घायल हुआ। बताया गया है कि गोली चलने के दौरान गिरने से उसकी कलाई में फ्रैक्चर हो गया।
पुलिस की जांच
जांच में सामने आया है कि आरोपी अश्वेत पुरुष था। उसने ग्रे हुडी, जींस और काले रंग के कामकाजी जूते पहन रखे थे। उसकी पहचान छिपाने के लिए चेहरा पेंटबॉल खेलने के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले मास्क से ढका हुआ था। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां इलाके के सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित सुरागों की मदद से हमलावर तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी ऐसी कोई जानकारी साझा करने की अपील की है, जिससे आरोपी की पहचान या उसकी कार का पता लगाने में मदद मिल सके।
गुजरात मूल के लोगों पर हमले
अमेरिका में गुजरात मूल के स्टोर मालिकों और कर्मचारियों पर हिंसक हमले बढ़े हैं। मई 2025 में टेनेसी के एक गैस स्टेशन पर लूट के दौरान 30 साल के परेश पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दो महीने पहले वर्जीनिया के नॉरफॉक में गुजराती महिला मेघना पटेल की उनके स्टोर के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सितंबर 2025 में, मूल रूप से चारोतर की रहने वाली किरण पटेल को एक पार्किंग लॉट में गोली मार दी गई थी। उन्होंने अपने स्टोर में घुसे एक हथियारबंद लुटेरे को रोकने की कोशिश की थी।


