मोतीपुर में हथियार भिड़ाकर फाइनेंसकर्मी से 90 हजार लूटे
मोतीपुर में बगही गांव के पास बदमाशों ने एक फाइनेंसकर्मी से पिस्तौल के बल पर 90 हजार रुपए लूट लिए। बाइक सवार तीन बदमाशों ने इसे अंजाम दिया और घटना के बाद फरार हो गए। मामले की छानबीन के लिए पुलिस मौके पर पहुंची है। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ थाना में आवेदन दिया है।

मोतीपुर, हिन्दुस्तान संवाददाता। बगही गांव स्थित तिरहुत मुख्य नहर किनारे गुरुवार दोपहर बाद बदमाशों ने हथियार के बल पर फाइनेंसकर्मी से 90 हजार रुपए लूट लिए। बाइक सवार तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए बनकट गांव की तरफ फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। इस संबंध में मीनापुर थाना क्षेत्र के अलीनेउरा निवासी विपिन कुमार ने अज्ञात के खिलाफ थाना में आवेदन दिया है। बताया कि वह रसूलपुर गांव स्थित एक फाइनेंस कंपनी की शाखा में कार्यरत हैं। गुरुवार की दोपहर बाद बरुराज थाना क्षेत्र के छत्रपट्टी गांव से 90 हजार रुपए कलेक्शन कर बाइक से रसूलपुर स्थित शाखा लौट रहे थे, तभी रास्ते में बगही गांव स्थित तिरहुत मुख्य नहर किनारे सड़क पर पीछे से बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर बाइक घेर लिया।
पिस्तौल के बल पर बदमाशों ने बैग में रखे करीब 90 हजार रुपए, एक मोबाइल, गले से हनुमानी लूट लिए। बताया कि सभी के हाथ में पिस्टल थी। थानेदार संजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


