बारा के सिम्रौनगढ़ से दो पिस्टल और कारतूस के साथ एक गिरफ्तार
रक्सौल में, बारा जिले के सिम्रौनगढ़ से एपीएफ की विशेष टीम ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिसके पास दो पिस्टल और 5 कारतूस थे। जय प्रकाश कुशवाहा नामक 50 वर्षीय संदिग्ध को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा गया। उसे नेपाल पुलिस के हवाले किया गया है और अवैध हथियारों की तस्करी पर सुरक्षा निगरानी बढ़ाई गई है।

रक्सौल,एक संवाददाता। सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) की एक विशेष टीम ने बारा जिले के सिम्रौनगढ़ इलाके से दो पिस्टल और 5 राउंड कारतूस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। सोमवार शाम को तैनात बॉर्डर आउट पोस्ट गोलागंज की टीम ने सिम्रौनगढ़ नगरपालिका-2, सलेमपुर से अवैध हथियारों के साथ स्थानीय जय प्रकाश कुशवाहा (50) को हिरासत में लिया। सशस्त्र प्रहरी बल के सह-प्रवक्ता व डीएसपी शैलेंद्र थापा के अनुसार, संदिग्ध स्थिति में पाए गए कुशवाहा की तलाशी लेने पर उसके पास से दो देशी पिस्टल और 5 राउंड कारतूस बरामद हुए। सशस्त्र पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी कुसवाहा सिम्रौनगढ़ नगरपालिका-2, अमृतगंज का रहने वाला है।
बरामद हथियारों और कारतूस के साथ गिरफ्तार किए गए कुशवाहा को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए नेपाल पुलिस की संबंधित इकाई को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध हथियारों की तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा निगरानी और जांच बढ़ा दी गई है।

