मकान की रखवाली कर रहे युवकों पर हमला
हिन्दुस्तान, लखनऊ
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी के माढरमऊ में दो युवकों पर हथियारबंद लोगों ने हमला किया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, जिसमें एक युवक की अंगुली कट गई। हमले के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में शिकायत दर्ज की गई है।

लखनऊ, संवाददाता। सुशांत गोल्फ सिटी के माढरमऊ में निर्माणाधीन मकान की रखवाली कर रहे दो युवकों पर हथियारबंद लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, जिसमें एक युवक की अंगुली कट गई। आरोप है कि हमले के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।सरसवा, अर्जुनगंज निवासी दयानन्द पाण्डेय ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त की देर रात वह और राजेश शुक्ला माढरमऊ स्थित अपने निर्माणाधीन मकान की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो और सफारी गाड़ी से आए गुड्डन यादव, अतुल रावत, सूरज पुत्र करन प्रधान, तेजपाल, मनीष और 4-5 अज्ञात लोग वहां पहुंचे।
आरोप है कि सभी लाठी-डंडों से लैस थे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में राजेश शुक्ला के हाथ की अंगुली कट गई।


