अर्जुन देशवाल का ग्रामीणों ने किया जोरदार स्वागत
एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अर्जुन देशवाल का छपार में जोरदार स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। अर्जुन ने ईरान के खिलाफ फाइनल में शानदार प्रदर्शन कर भारत को स्वर्ण दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने ग्रामीणों के आशीर्वाद का श्रेय दिया।

छपार। एशियन गेम्स में भारतीय कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक जीताकर लौटे अर्जुन देशवाल के स्वदेश लौटने पर ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। गांव बसेड़ा निवासी चरण सिंह देशवाल के पुत्र अर्जुन का मंगलवार को छपार टोल प्लाजा पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। ईरान के खिलाफ रोमांचक फाइनल मुकाबले में अर्जुन देशवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 रेड प्वाइंट्स हासिल कर भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। छपार टोल प्लाजा से शुरू हुआ स्वागत का सिलसिला बरला, तेजलहेड़ा, भैंसरहेड़ी होते हुए बसेड़ा गांव तक जुलूस के रूप में पहुंचा। अर्जुन को ट्रैक्टर पर बैठाकर निकाले गए इस जुलूस में सैकड़ों कारों और ट्रैक्टरों का काफिला शामिल रहा।
इस अवसर पर अर्जुन देशवाल ने कहा कि देश के लिए दोबारा स्वर्ण पदक जीतना गर्व की बात है। यह सब ग्रामीणों के आशीर्वाद से संभव हुआ है। इस दौरान ग्राम प्रधान पवन देशवाल, रमन देशवाल, आर्यन देशवाल, मनोज देशवाल, चंद्रवीर चेयरमैन, सुबोध प्रधान, बिट्टू बसेड़ा, टीटू गुर्जर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


