अररिया: राष्ट्रीय जूनियर थांग-ता प्रतियोगिता में अररिया को तीन कांस्य व एक रजत पद
श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) में 32वीं राष्ट्रीय जूनियर थांग-ता मार्शल आर्ट प्रतियोगिता सम्पन्न हुई। अररिया के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिनमें आस्था कुमारी और आंचल कुमारी ने कांस्य पदक जीते। कृतिका Gupta ने रजत पदक प्राप्त किया। यह उपलब्धि न केवल अररिया बल्कि बिहार के लिए भी गर्व का विषय है।

अररिया से फुलेंद्र की रिपोर्ट श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) के पोलो ग्राउंड इनडोर स्टेडियम में 32वीं राष्ट्रीय जूनियर थांग-ता मार्शल आर्ट प्रतियोगिता समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में अररिया थांग-ता संघ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में कृष्णा पुरी वार्ड नंबर 9 निवासी वीरेंद्र कुमार यादव की बेटी आस्था कुमारी ने 52 किलोग्राम भार वर्ग स्टाइल वन में महाराष्ट्र तथा हरियाणा के खिलाड़ियों को पराजित करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं अररिया आरएस के रहने वाले रंजीत मलिक की बेटी आंचल कुमारी थांग-ता के थंगलोंन इवेंट में कांस्य पदक प्राप्त हासिल की। शिवपुरी अररिया के रहने वाले संजय कुमार गुप्ता की पुत्री कृतिका गुप्ता ने 75 किलोग्राम भार वर्ग स्टाइल वन में महाराष्ट्र और जम्मू कश्मीर को हराते हुए फाइनल में जगह बनाई।
इसमें कृतिका गुप्ता को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। बालक वर्ग में बरदाहा सिकटी अररिया के रहने वाले स्व हृदय नारायण पासवान के पुत्र लक्की कुमार 80 किलोग्राम भार वर्ग स्टाइल वन में कांस्य पदक हासिल किया तथा 65 किलोग्राम भार वर्ग स्टाइल टू में निधी कुमारी की सहभागिता रही। कोच संतोष कुमार की भी सक्रिय भागीदारी रही।खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर बिहार थांग-ता संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार, बिहार थांग-ता संघ के महासचिव विकास कुमार झा व मुकेश कुमार चौधरी सहित वंदना कुमारी, अररिया थांग-ता संघ के अध्यक्ष डॉ मुकेश कुमार सिंहा उपाध्यक्ष कन्हैया मिश्रा, जिला खेल पदाधिकारी सान्याल कुमार, सदर एसडीपीओ सुशील कुमार , राहुल कुमार, सीनियर खिलाड़ी सुमित कुमार, दिवाकर कुमार, ईशा कुमारी ,इशिका कुमारी ,खुशबू कुमारी आदि ने खुशी जताई है। राष्ट्रीय स्तर पर अररिया की टीम की शानदार प्रदर्शन से जिले सहित पूरे बिहार में हर्ष का माहौल है। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि न केवल अररिया बल्कि पूरे बिहार के लिए गौरव का विषय है। इन खिलाड़ियों ने यह साबित किया है कि बिहार की प्रतिभाएं राष्ट्रीय मंच पर अपनी मेहनत, लगन और खेल कौशल के दम पर शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं। बता दें कि यह प्रतियोगिता 27 से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित हुई थी।


