पुलिस टीम के साथ पुलिस को मदद करने वाले होंगे सम्मानित
अररिया, पुलिस प्रशासन ने नशामुक्ति अभियान में सफलता हासिल की है। बैरगाछी थाना पुलिस ने 817 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की। इस अभियान में स्थानीय लोगों का योगदान महत्वपूर्ण रहा है, जिनको सम्मानित किया जाएगा। एसपी जितेन्द्र कुमार ने नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

अररिया,निज संवाददाता। जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। बैरगाछी थाना पुलिस द्वारा 817 ग्राम अवैध स्मैक की बरामदगी करने वाली पुलिस टीम और नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने में पुलिस को गुप्त सूचना देकर सहयोग करने वाले जिले के कुछ लोगों को सम्मानित व पुरस्कृत किया जाएगा। एसपी जितेन्द्र कुमार ने कहा कि जिले में बढ़ते नशा के कारोबार के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पिछले आठ महीने में स्मैक,गांजा और अन्य नशीले पदार्थो की रिकॉर्ड बरामदगी हुई है। नशीले पदार्थो के साथ-साथ कई बड़े धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया है। यह जिले के कुछ लोगों के सहयोग से संभव हो पाया है। आम लोगों की सूचनाओं पर पुलिस ने कार्रवाई की है。
सराहनीय कार्य करने वालों को मिलेगा पुरस्कार:
एसपी जितेन्द्र कुमार बताया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए अंतर्राज्यीय और अंतरजिला नशा तस्करों के जाल को बेनकाब किया है। इस बड़ी बरामदगी में शामिल अधिकारियों,पुलिस कर्मियों और उन साहसी नागरिकों को चिन्हित किया जा रहा है,जिन्होंने पुलिस को सटीक सूचनाएं उपलब्ध कराईं। एसपी के अनुसार,आम जनता की सहभागिता के बिना इस तरह के नेटवर्क को तोड़ना संभव नहीं है, इसलिए मदद करने वाले स्थानीय लोगों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
पहचान रखी जाएगी पूरी तरह गुप्त:
नशे के तस्करों के खिलाफ सूचना देने वाले नागरिकों की सुरक्षा को लेकर एसपी ने आश्वस्त किया कि सहयोगी नागरिकों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं भी स्मैक, गांजा या अन्य नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री या तस्करी हो रही है, तो उसकी जानकारी पुलिस को दें।पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में नशीले पदार्थों के काले कारोबार को किसी भी सूरत में फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा। पुलिस अब केवल फुटकर विक्रेताओं पर ही नहीं, बल्कि इस नेटवर्क की मुख्य सप्लाई चेन और बड़े तस्करों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रही है। आने वाले दिनों में नशा मुक्त अभियान को और तेज किया जाएगा。


