सरकारी अस्पतालों में बहाल होंगे 306 विशेषज्ञ डॉक्टर
झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती देने के लिए स्वास्थ्य विभाग के तहत 306 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। इससे धनबाद सदर अस्पताल सहित अन्य सरकारी संस्थानों को लाभ होगा। डॉक्टरों की भर्ती के लिए आयु सीमा 23 से 64 वर्ष है, और अभ्यर्थियों को एमबीबीएस के साथ पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री होना अनिवार्य है।

धनबाद, प्रमुख संवाददाता। राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा व परिवार कल्याण विभाग व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत 306 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। राज्य स्तर से नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों की पोस्टिंग की जाएगी। इससे धनबाद सदर अस्पताल समेत अन्य सरकारी अस्पतालों को भी विशेषज्ञ डॉक्टरों का लाभ मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों की मानें तो अनुबंध पर 200 नन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर की नियुक्ति की जाएगी। वहीं एनएचएम के तहत 106 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर की नियुक्ति होगी। इन डॉक्टरों को स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी जाएगी। नियुक्ति के लिए 23 से 64 वर्ष तक की आयु के विशेषज्ञ डॉक्टर आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी के पास एमबीबीएस की डिग्री के साथ संबंधित विशेषज्ञता में नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) से मान्यता प्राप्त संस्थान से पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा होना अनिवार्य है। साथ ही संबंधित मेडिकल काउंसिल में वैध पंजीकरण भी जरूरी होगा.
इन विभागों में विशेषज्ञ की होगी नियुक्ति
200 नन-टीचिंग स्पेशलिस्ट: एनेस्थीसिया, डर्मेटोलॉजी, ईएनटी, फॉरेंसिक साइंस, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, ऑर्थोपेडिक्स, पीडियाट्रिक्स, पैथोलॉजी, मेडिसिन, मनोरोग, रेडियोलॉजी और सर्जरी.
एनएचएम से बहाल होंगे 106 स्पेशलिस्ट
एनेस्थीसिया, डर्मेटोलॉजी, ईएनटी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, ऑर्थोपेडिक्स, जेनरल मेडिसिन, मनोरोग, रेडियोलॉजी और सर्जरी।


