आईफोन-18 सीरीज पाने के लिए लंबी कतारें, 30 फीसदी बढ़ी मांग
भारत में एप्पल के आईफोन 18 सीरीज की बिक्री शुक्रवार से शुरू हो गई है, जिसमें लोग स्टोर्स के बाहर लंबी कतारें लगाकर खरीदारी कर रहे हैं। पहले दिन की बिक्री में पिछले साल की तुलना में 20-30 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यहाँ आईफोन 18 प्रो की कीमत 1,64,900 रुपये और 18 प्रो मैक्स की 1,79,900 रुपये है।

नई दिल्ली,एजेंसी। भारत के प्रमुख शहरों में शुक्रवार से एप्पल की नई आईफोन 18 सीरीज की बिक्री शुरू होते ही ग्राहकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और नोएडा स्थित स्टोर्स के बाहर तड़के से ही लोगों की लंबी कतारें लग गईं। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल के आईफोन 17 प्रो मॉडल की तुलना में इस बार आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स की पहले दिन की बिक्री में 20 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।भारत में आईफोन 18 प्रो की शुरुआती कीमत 1,64,900 रुपये और आईफोन 18 प्रो मैक्स की शुरुआती कीमत 1,79,900 रुपये रखी गई है।
ये मॉडल चार रंगों—ब्लैक, सिल्वर, ग्लेशियर और एक नए बर्गंडी रंग में उपलब्ध हैं। ये फोन 256 जीबी, 512 जीबी, 1 टीबी और 2 टीबी स्टोरेज के साथ आ रहे हैं। इस बार कंपनी ने फोल्डेबल स्मार्टफोन श्रेणी में भी कदम रखा है। कंपनी का आईफोन डुओ फोन 23 अक्तूबर से भारत में उपलब्ध होगा, जिसकी कीमत 2,99,900 रुपये से लेकर 4,49,900 रुपये तक होगी।


