सैफई पहुंचीं अपर्णा यादव ने कुल देवी-देवता के मंदिर में की पूजा-अर्चना
महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने सैफई में कुल देवी-देवताओं के मंदिर में पूजा की। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को अहम बताते हुए चुनाव लड़ने की तैयारी की बात कही। अपर्णा ने कहा कि पार्टी सीट का निर्णय करेगी। उन्होंने चुनाव आयोग पर उठते सवालों को महत्वपूर्ण मुद्दा नहीं मानने की अपील की।

सैफई। महिला आयोग की उपाध्यक्ष एवं सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू अपर्णा यादव बुधवार को अपने गांव सैफई पहुंचीं। उन्होंने कुल देवी-देवता के मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया और माथा टेककर आशीर्वाद लिया। उसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को अहम और निर्णायक बताया। चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि तैयारी बिल्कुल है, लेकिन सीट का निर्णय पार्टी करेगी।
चुनाव पर चर्चा
अपर्णा यादव ने बताया कि मैनपुरी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के एक कार्यक्रम के सिलसिले में आई थीं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और संस्कृति में प्रत्येक व्यक्ति को अपने कुल देवी-देवताओं के मंदिर जाना चाहिए। इसी वजह से उन्होंने सैफई में अपने कुल देवी-देवताओं के दर्शन और प्रणाम करने का निर्णय लिया। विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर अपर्णा यादव ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव बहुत अहम और निर्णायक होगा। उत्तर प्रदेश को पूरे देश की राजनीतिक राजधानी और राजनीतिक धरोहर माना गया है। यहां जो भी सत्तारूढ़ होता है, वह देश का भाग्य बदलता है।
आगामी चुनाव की तैयारी
चुनाव लड़ने की तैयारी के सवाल पर अपर्णा यादव ने कहा, बिल्कुल है। जब उनसे पूछा गया कि किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी तो उन्होंने कहा कि जहां से पार्टी तय करेगी, वहीं से चुनाव लड़ेंगी। विपक्ष की ओर से चुनाव आयोग पर लगातार सवाल उठाए जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि चुनाव वर्ष है, इसलिए इस तरह के आरोप-प्रत्यारोप लगते रहेंगे। यह पहली बार नहीं हो रहा है, इस तरह के घटनाक्रम पहले भी हो चुके हैं। उन्होंने इसे बहुत महत्वपूर्ण मुद्दा नहीं मानने की बात कही। साथ ही सभी से राष्ट्र को आगे बढ़ाने के लिए काम करने, अपने कार्य अच्छे से करने और परिवार का ध्यान रखने की अपील की। राज्यसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की ओर से घोषित दो नामों में उद्योगपति का नाम शामिल होने के सवाल पर अपर्णा यादव ने कहा यह उनकी पार्टी का निर्णय है।


