एलटी ग्रेड परीक्षा में अपर्णा ने हासिल की 19वीं रैंक
शाहजहांपुर की अपर्णा त्रिवेदी ने 2022 में एमएससी भौतिकी की पढ़ाई पूरी की और 2025 की सहायक अध्यापक परीक्षा में 19वीं रैंक हासिल की। इस परीक्षा में 49,508 अभ्यर्थियों ने भाग लिया और केवल 129 का चयन हुआ। अपर्णा ने जिले का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है।
शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज से वर्ष 2022 में भौतिक विज्ञान में एमएससी करने वाली अपर्णा त्रिवेदी ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड) परीक्षा 2025 में सफलता हासिल की है। अपर्णा ने परीक्षा में 19वीं रैंक प्राप्त कर सहायक अध्यापक पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। विज्ञान विषय के 1337 पदों के लिए आयोजित परीक्षा में 49,508 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। प्रारंभिक परीक्षा के बाद 329 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिला। अंतिम परिणाम में 129 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जिसमें 104 पुरुष और 25 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
अपर्णा शाहजहांपुर से चयनित होने वाली अकेली अभ्यर्थी हैं। अपर्णा के पिता बसंत कुमार त्रिवेदी शाहजहांपुर स्थित संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में उपप्रधानाचार्य हैं। भौतिकी विभागाध्यक्ष शिशिर शुक्ला ने बताया कि अपर्णा ने वर्ष 2022 में एमएससी भौतिकी की परीक्षा में कॉलेज में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। अपर्णा की सफलता पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह, कॉलेज प्राचार्य प्रो. आर.के. आजाद, विज्ञान संकायाध्यक्ष डॉ. आलोक सिंह, भौतिकी विभागाध्यक्ष शिशिर शुक्ला समेत शिक्षकों और विश्वविद्यालय परिवार ने बधाई दी।

