आईटीआई में सीट उच्चीकरण का मौका, एक से तीन अक्तूबर तक प्रवेश
राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सीट उच्चीकरण में विफल अभ्यर्थियों को एक और अवसर मिलेगा। चयनित अभ्यर्थियों को सूचना भेजी जाएगी और उन्हें 1 से 3 अक्टूबर के बीच प्रवेश लेना होगा। आवश्यक दस्तावेज लेकर संबंधित संस्थान में उपस्थित होना अनिवार्य है।

राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश के तीन चरणों के दौरान विकल्प देने के बाद भी सीट उच्चीकृत नहीं होने वाले अभ्यर्थियों को एक और अवसर मिलेगा। परिषद की ओर से चयनित अभ्यर्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश भेजा जाएगा। ऐसे अभ्यर्थी एक से तीन अक्तूबर तक संबंधित संस्थान में प्रवेश ले सकेंगे। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अजीतमल के नोडल प्रधानाचार्य अनूप सिंह ने बताया कि सत्र 2026-27 के एक वर्षीय और सत्र 2026-28 के दो वर्षीय पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। तृतीय चरण की प्रवेश प्रक्रिया 25 सितंबर की रात 12 बजे समाप्त हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि प्रथम, द्वितीय अथवा तृतीय चरण में सीट उच्चीकरण का विकल्प देने के बावजूद जिन अभ्यर्थियों की सीट उच्चीकृत नहीं हुई है, उन्हें अब दोबारा अवसर दिया जा रहा है। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद लखनऊ अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन में दर्ज मोबाइल नंबर पर सूचना भेजेगी। अभ्यर्थियों को उच्चीकरण पत्र का प्रिंट निकालकर निर्धारित अवधि में संबंधित संस्थान पहुंचना होगा। प्रवेश के समय बुलावा पत्र, ऑनलाइन आवेदन की प्रति, सभी मूल प्रमाणपत्र एवं उनकी छायाप्रतियां, अंतिम शिक्षण संस्थान से जारी मूल स्थानांतरण प्रमाणपत्र, पुलिस सत्यापन के ऑनलाइन आवेदन की प्रति और चार फोटो लाना अनिवार्य है। नोडल प्रधानाचार्य ने बताया कि अपने अनुरोध पर संस्थान से नाम कटवाने के इच्छुक अभ्यर्थी 29 सितंबर तक कार्यालय में उपस्थित होकर लिखित प्रार्थनापत्र दे सकते हैं। अभ्यर्थी परिषद की वेबसाइट पर परिणाम और प्रवेश संबंधी अन्य जानकारी देख सकते हैं। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सदर औरैया के पढ़ीन परिसर के लिए चयनित अभ्यर्थियों का प्रवेश राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अजीतमल के अटसू परिसर में किया जाएगा।


