हरिद्वार के हैप्पी हत्याकांड में दूसरा आरोपी गिरफ्तार, तमंचा बरामद
हरिद्वार के बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में 14 सितंबर को हुए बाइक मकेनिक हैप्पी की हत्या में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा और अन्य सबूत मिले हैं। यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते हुई थी। अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है।
हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में 14 सितंबर को हुई बाइक मकेनिक हैप्पी (28) की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक ओर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस और खून लगी शर्ट बरामद की है। पुलिस के अनुसार, शान्तरशाह निवासी हैप्पी की पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के भाई कपिल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सहारनपुर के छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर इस्तकार उर्फ इस्तयाक (24) निवासी शान्तरशाह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने साथियों मुदस्सिर और शादाब के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।


