जम्मू से कड़ी सुरक्षा के बीच बूढ़ा अमरनाथ यात्रा आरंभ
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में प्राचीन बुड्ढा अमरनाथ मंदिर की वार्षिक तीर्थयात्रा सोमवार से आरंभ हुई। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने तीर्थयात्रियों को सुरक्षा के बीच रवाना किया। यह यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी, जिस दिन रक्षाबंधन है। यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए कई पुलिस बल तैनात किए गए हैं।

जम्मू, एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में स्थित प्राचीन बुड्ढा अमरनाथ मंदिर की वार्षिक तीर्थयात्रा सोमवार से आरंभ हो गई। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने धार्मिक उत्साह और कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू से तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को रवाना किया। उपराज्यपाल सिन्हा ने जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से पूजा-अर्चना के बाद सुबह 6.30 बजे 230 किलोमीटर लंबी यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों को रवाना किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘देश के हर कोने से आने वाले सभी तीर्थयात्रियों की यात्रा सुगम, सुरक्षित और आध्यात्मिक रूप से संतोषजनक हो, इसके लिए भगवान शिव से प्रार्थना करता हूं। हर-हर महादेव।’ इससे पूर्व रविवार को वह यात्रा के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए थे।अधिकारियों
ने बताया कि मंडी तहसील के राजपुरा स्थित बाबा बूढ़ा अमरनाथ मंदिर की 12 दिवसीय यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी और रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों का काफिला पुलिस सुरक्षा के घेरे में यात्रा करेगा। जम्मू-राजौरी-पुंछ मार्ग पर अतिरिक्त केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात किए गए हैं। वहीं, एसओजी के जवान कई स्थानों पर लगातार तलाशी और सत्यापन अभियान चला रहे हैं।


