खेल : अन्नु, शहनवाज और नित्या एशियाई खेलों से बाहर
पिछली बार की चैंपियन अन्नु रानी को एएफआई द्वारा निर्धारित क्वालिफाइंग मार्क हासिल नहीं करने के कारण एशियाई खेलों की एथलेटिक्स टीम से बाहर कर दिया गया है। इसके अलावा, शहनवाज खान और नित्या गांधे को भी खराब प्रदर्शन के कारण टीम से हटा दिया गया है। अब भारत की ट्रैक एवं फील्ड टीम में 74 एथलीट रह गए हैं।

नई दिल्ली, एजेंसी। पिछली बार की चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी अन्नु रानी को ट्रायल में एएफआई द्वारा निर्धारित क्वालिफाइंग मार्क हासिल नहीं करने के कारण एशियाई खेलों की एथलेटिक्स टीम से बाहर कर दिया गया है। उनके अलावा उभरते लंबी कूद के एथलीट शहनवाज खान और धाविका नित्या गांधे को भी खराब प्रदर्शन और चिकित्सकीय कारणों के चलते हटा दिया गया है। जापान जाने वाली भारतीय ट्रैक एवं फील्ड टीम की संख्या घटकर 74 रह गई है जो शनिवार को रवाना होगी। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने इससे पहले इन खेलों के लिए 77 एथलीटों का चयन किया था। गुरुवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुई इंडियन एथलेटिक्स सीरीज फाइनल के बाद टीम में बदलाव किया गया।
एएफआई चयन समिति के अध्यक्ष अदिल सुमरिवाला ने कहा, अन्नु ने अंतिम ट्रायल में निर्धारित क्वालिफाइंग मार्क हासिल नहीं किया। इसलिए उन्हें एशियाई खेलों के लिए नहीं चुना गया। नित्या और शहनवाज खराब प्रदर्शन और चिकित्सकीय कारणों से एशियाई खेलों में नहीं जाएंगे। तीनों खिलाड़ियों को टीम से बाहर करने का फैसला शुक्रवार को एएफआई चयन समिति की ऑनलाइन बैठक में लिया गया।


