अंकिता भंडारी हत्याकांड : माता-पिता ने सीबीआई अधिकारियों से मुलाकात की
अंकिता भंडारी हत्याकांड में उनके माता-पिता ने शुक्रवार को दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर मामले के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। सीबीआई ने निष्पक्ष और गहन जांच का आश्वासन दिया। कथित वीआईपी भूमिका को लेकर विवाद जारी है। उत्तराखंड पुलिस ने कहा कि घटना के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और वे अब भी जेल में हैं।

नई दिल्ली, एजेंसी। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में उनके माता-पिता ने शुक्रवार को दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी अधिकारियों को दी। सीबीआई अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच की जाएगी और हर पहलू की गहनता से पड़ताल होगी। यह मुलाकात हत्याकांड में कथित तौर पर एक वीआईपी की भूमिका को लेकर जारी विवाद के बीच हुई है। सिक्किम के राज्यपाल के रूप में उत्तराखंड के पूर्व भाजपा प्रभारी दुष्यंत गौतम की नियुक्ति के बाद यह विवाद और गहरा गया है।
इस बीच, उत्तराखंड पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून-व्यवस्था) वी मुरुगेशन ने गुरुवार को कहा कि पुलिस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में तत्काल कार्रवाई की थी और घटना के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने कहा कि तीनों आरोपी अब भी जेल में हैं।


