गैंगवार के गठजोड़ के साथ अंकित से जुड़े सभी पहलुओं खंगाल रही पुलिस

हिन्दुस्तान, शामली
Follow us on Google News
share

अंकित बालियान हत्याकांड में हरियाणा पुलिस शूटरों की खोज और गैंगवार से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। गोगी गैंग सहित कई आपराधिक नेटवर्क की संलिप्तता जांच में शामिल है।

गैंगवार के गठजोड़ के साथ अंकित से जुड़े सभी पहलुओं खंगाल रही पुलिस

शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस और एसटीएफ की जांच अब केवल शूटरों की तलाश तक सीमित नहीं रही है। हत्या के तार हरियाणा से जुड़ने के संकेतों के बाद पुलिस गैंगवार के पूरे नेटवर्क को खंगालने के साथ ही अंकित से जुड़े सभी पहलुओ की जांच में जुट गई है। रोहतक से लेकर सोनीपत और पानीपत तक पुलिस एवं एसटीएफ की टीमें ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं। सूत्रों के मुताबिक सोनीपत और रोहतक से कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है, हालांकि अभी तक ऐसी ठोस कड़ी हाथ नहीं लगी है, जो सीधे हमलावरों तक पहुंचा सके। चार टीमें हरियाणा में डेरा उाले हुए है। हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर सोनीपत के बताए जा रहे भोलू शाहपुरिया के नाम से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें गोगी गैंग के नाम से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पुलिस की ओर अभी इस पोस्ट की सत्यता पर कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि इस पुलिस जांच में लगी है। गोगी गैंग का नाम सामने आने के बाद पुलिस अब हरियाणा-दिल्ली-एनसीआर के आपराधिक नेटवर्क के आपसी संबंधों को भी खंगाल रही है। जांच के दायरे में गोगी गैंग, लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट, काला जठेड़ी नेटवर्क, नीरज बवाना गैंग, हिमांशु भाऊ गैंग, कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग और रोहित गोदारा से जुड़े नेटवर्क जैसे चर्चित नाम भी आ रहे हैं। इन गैंगों के बीच रहे पुराने गठजोड़, दुश्मनी और एक-दूसरे के लिए काम करने वाले शूटरों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुराने समय में दिल्ली-हरियाणा क्षेत्र के गैंगों के दो बड़े आपराधिक गठजोड़ों में बंटे होने की रिपोर्टें भी सामने आती रही हैं。

पुलिस की जांच प्रक्रिया

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अंकित की हत्या के पीछे किसी गैंग की वास्तविक भूमिका है या फिर गैंग का नाम इस्तेमाल कर जांच को भटकाने की कोशिश की गई है। इसके साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि हमलावरों को किसी स्थानीय व्यक्ति ने रेकी, वाहन, ठिकाना या फरारी में मदद तो नहीं दी।

सीसीटीवी ने साफ किया हमलावरों का हुलिया

हत्याकांड के सीसीटीवी फुटेज में चार हमलावर अंकित को घेरकर फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के मुताबिक हमलावर दो बाइकों से आए थे और वारदात के बाद हरियाणा की ओर भागे होने के सुराग मिले हैं। करीब 25 सेकेंड में ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर हमलावर फरार हो गए। अब पुलिस घटनास्थल से लेकर हरियाणा तक रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जोड़कर उनका पूरा रूट तैयार कर रही है।

पुराने संपर्क भी खंगाले जा रहे

अंकित लंबे समय तक सोनीपत और रोहतक में रहे थे। हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में काम के दौरान उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी भी जांच टीम जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इनमें से किसी का आपराधिक नेटवर्क से संपर्क था या नहीं। मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियां और लोकेशन भी जांच का हिस्सा हैं। सूत्रों के अनुसार कुछ संदिग्धों से पूछताछ के बावजूद अभी तक हमलावरों तक पहुंचने वाली अहम कड़ी नहीं मिली है। पुलिस की कोशिश है कि शूटरों तक पहुंचने के साथ हत्या की साजिश के पीछे मौजूद लोगों का भी पता लगाया जाए।

गोगी गैंग की संलप्तिता पर संदेह

हालांकि अंकित हत्याकांड में अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि वारदात के पीछे गोगी गैंग ही है। पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि वायरल पोस्ट वास्तव में गैंग से जुड़ी है या किसी ने फर्जी पहचान के साथ इसे जारी किया। पोस्ट की तकनीकी जांच और सीसीटीवी, मोबाइल लोकेशन तथा हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के नतीजे ही इस सवाल का जवाब देंगे।

इन गैंगों के कनेक्शन पर भी नजर

गोगी गैंग के साथ जांच में लॉरेंस बिश्नोई, काला जठेड़ी, नीरज बवाना, हिमांशु भाऊ, कपिल सांगवान उर्फ नंदू और रोहित गोदारा से जुड़े नेटवर्क का आपसी इतिहास भी देखा जा रहा है। जांच का मकसद यह पता लगाना है कि कौन-सा नेटवर्क किसके साथ रहा है और किस गैंग के शूटर दूसरे गैंगों के लिए काम करते रहे हैं。

इनसेट : चार टीमें हरियाणा में, फिर भी शूटर दूर

गोगी गैंग के कथित दावे के बाद पुलिस ने हरियाणा में चार टीमें भेजी हैं। सोनीपत-पानीपत में संदिग्धों से पूछताछ और दबिश जारी है। सीसीटीवी से हमलावरों का हुलिया सामने आने के बावजूद अभी उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस को उम्मीद है कि हरियाणा में चल रही जांच से जल्द कोई अहम कड़ी हाथ लग सकती है।

कोट

गैंग की संलप्तिता जांच का एक हिस्सा है। अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। यह विवेचना का पार्ट है इसके अभी नहीं खोला जा सकता। अहम सुराग मिले है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जायेगा।

नरेंद्र प्रताप सिंह, एसपी शामली

प्रश्नोत्तरी

अंकित बालियान हत्याकांड की जांच कौन कर रहा है?
अंकित बालियान हत्याकांड की जांच पुलिस और एसटीएफ कर रही है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsगैंगवार के गठजोड़ के साथ अंकित से जुड़े सभी पहलुओं खंगाल रही पुलिस