मानदेय भुगतान को लेकर आंगनबाड़ी कर्मियों का प्रदर्शन
लोहरदगा में आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की अध्यक्षता में सेविकाओं और सहायिकाओं ने लंबित मानदेय और पोषाहार राशि के भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को बढ़ाया जाएगा।

लोहरदगा, संवाददाता। मानदेय और पोषाहार राशि के लंबित भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ, जिला लोहरदगा के आह्वान पर जिलेभर की सेविकाओं और सहायिकाओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन मैना बगीचा से शुरू होकर समाहरणालय तक पहुंचा। जहां सभा आयोजित की गई。
प्रदर्शन का उद्देश्य
सभा को संबोधित करते हुए संघ के प्रदेश संगठन मंत्री रामचंद्र गोप ने कहा कि जनवरी माह से आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं का मानदेय और पोषाहार राशि का भुगतान लंबित है। उन्होंने कहा कि बिना राशि मिले बाजार से उधार लेकर केंद्रों का संचालन करना संभव नहीं है। सेविकाएं आर्थिक संकट से जूझ रही हैं। उन्होंने सरकार से अविलंब बकाया राशि का भुगतान करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। रामधनी देवी ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाओं को लगातार विभिन्न विभागों के अतिरिक्त कार्य सौंपे जा रहे हैं। लेकिन इसके बदले कोई अतिरिक्त पारिश्रमिक नहीं दिया जाता। बबिता उरांव ने कहा कि जनगणना कार्य में सेविकाओं ने भी जिम्मेदारी निभाई, लेकिन उन्हें कोई भुगतान नहीं मिला। जबकि उसी कार्य में लगाए गए सरकारी कर्मचारियों को 25 हजार रुपये का मानदेय दिया गया। इसे उन्होंने अन्यायपूर्ण बताया।
सेविकाओं की मांगें
पूनम तिर्की ने मांग की कि सेविकाओं का मानदेय प्रत्येक माह नियमित रूप से और पोषाहार राशि अग्रिम उपलब्ध कराई जाए। सभा को सुमेरुन खातून, दयामनी उरांव, उमा देवी और प्रभा कुमारी ने भी संबोधित किया।सभा के बाद पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
फोटो-- लोहरदगा में शुक्रवार को अपनी मांगों को ले प्रदर्शन करतीं आंगनबाड़ी सेविकाएं


