CM जगन मोहन रेड्डी को लेकर जा रही स्पेशल फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
विमान को हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया। बताया जा रहा है कि उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान में तकनीकी खराबी पाई गई। मालूम हो कि मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी आज दिल्ली जाने वाले थे।
इस खबर को सुनें
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी को ले जा रहे विशेष विमान में उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते विजयवाड़ा के गन्नवरम एयरपोर्ट पर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान को हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया। बताया जा रहा है कि उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान में तकनीकी खराबी पाई गई। मालूम हो कि मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी आज दिल्ली जाने वाले थे।
इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को जलगांव ले जा रहा विमान खराब मौसम के कारण सोमवार को मुंबई लौट आया। मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी ने बताया कि शिंदे और फडणवीस 'बंजारा कुंभ 2023' कार्यक्रम में हिस्सा लेने मुंबई से करीब 415 किलोमीटर दूर स्थित जलगांव जिले के जामनेर जा रहे थे। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य वक्ता थे। विमान ने मुंबई से उड़ान भरी लेकिन खराब मौसम के कारण उसे लौटना पड़ा। शिंदे और फडणवीस बाद में वीडियो कांफ्रेंस के जरिए कार्यक्रम में शामिल हुए।
एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग
वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह से आ रही उड़ान को कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को आपात स्थिति में उतराना पड़ा। शक है कि विमान के 'हाइड्रोलिक' ने काम करना बंद कर दिया था। कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटिड (सीआईएएल) के प्रवक्ता ने बताया कि रात 8 बजकर 4 मिनट पर हवाई अड्डे पर पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया और विमान रात 8 बजकर 26 मिनट पर सुरक्षित रूप से उतर गया।
प्रवक्ता ने कहा कि किसी भी रनवे को अवरूद्ध नहीं किया गया और न ही किसी भी उड़ान का मार्ग बदला गया। उन्होंने बताया कि रात आठ बजकर 36 मिनट पर आपातकाल के आदेश को वापस ले लिया गया और हवाई परिचालन को सामान्य घोषित कर दिया गया। सीआईएएल ने कहा कि विमान में सवार सभी 193 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सुरक्षित हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)