चलते-चलते-- फुटबॉल मैदान के नीचे दबा मिला 770 साल पुराना मठ
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
- डेनमार्क के शोधकर्ताओं ने रडार से पता लगाया - जमीन में कमरे-चर्च अभी भी

कोपेनहेगन, एजेंसी। डेनमार्क के रोस्किल्डे शहर में पुरातत्वविदों को एक फुटबॉल मैदान के 6 फीट नीचे 770 साल पुराना एक मठ मिला है। सेंट क्लेयर कॉन्वेंट सन् 1256 में बनाया गया था।ऐसा माना जाता था कि 16वीं सदी में इसे तोड़े जाने के बाद इसके अवशेष पूरी तरह खत्म हो गए होंगे। हाल ही में फुटबॉल मैदान में पार्किंग बनाने के दौरान शोधकर्ताओं ने ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार की मदद ली। जमीन के भीतर भेजी तरंगों से पता चला कि अभी भी इसके अवशेष बाकी हैं। रडार की तस्वीरों में मठ के कमरों की दीवारें, गलियारे और दक्षिणी हिस्से में एक चर्च के निशान दिखाई दिए।
अनुमान है कि मठ दो मंजिला रहा होगा। शोधकर्ता अब जमीन खोदकर अंदर की संरचना का पता लगाने की तैयारी कर रहे हैं।

