एएमयू राइंडिंग क्लब की जमीन को लेकर मार्च, इंतजामिया पर आरोप
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्रों ने नगर निगम के द्वारा हॉर्स राइडिंग क्लब की ज़मीन पर कथित कब्ज़े के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और बताया कि सरकार के निर्देशों के बावजूद, नगर निगम ने अवैध रूप से कब्ज़ा किया है, जिससे संस्थान के भविष्य को खतरा हो सकता है।

अलीगढ़। वरिष्ठ संवाददाता अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में मंगलवार को छात्रों ने विश्वविद्यालय की ज़मीन और हॉर्स राइडिंग क्लब पर नगर निगम के कथित कब्ज़े के विरोध में मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने जिला प्रशासन और एएमयू इंतजामिया के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।छात्रों के मार्च की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने मुख्य गेट को पहले ही बंद करवा दिया और छात्रों को कैंपस से बाहर जाने से रोक दिया। प्रशासन ने कहा कि छात्रों का संदेश संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा दिया जाएगा। पीजी छात्र यासिर फ़हाद ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए और नगर निगम की कार्रवाई का कड़ा विरोध दर्ज कराया।
बताया कि एएमयू हॉर्स राइडिंग क्लब की क़ीमती ज़मीन पर नगर निगम ने अचानक कब्ज़ा कर बोर्ड लगा दिया है। छात्रों का आरोप है कि लगभग 500 करोड़ रुपये की इस ज़मीन के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तरह से खामोश है। छात्रों ने बताया कि जब जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश था कि विवादित ज़मीन पर यथास्थिति बनाए रखी जाएगी। मालिकाना हक स्पष्ट होने तक कोई दखल नहीं दिया जाएगा। ऐसे में नगर निगम की यह कार्रवाई पूरी तरह से अवैध है। छात्रों ने प्रॉक्टर, एमआईसी और अन्य ज़िम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जब लीगल टीम और छात्र अधिकारियों से बात करने की कोशिश करते हैं, तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। छात्रों ने चिंता व्यक्त की कि हॉस्टल और फैकल्टी की कमी के बीच इतनी बड़ी ज़मीन का हाथ से निकल जाना संस्थान के भविष्य के लिए एक बड़ा ख़तरा है।


