शाह ने भगवंत मान सरकार पर ड्रग को लेकर साधा निशाना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में नशे के कारोबार, गैंगस्टरवाद और संगठित अपराध को लेकर भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा है। गृह मंत्रालय ने गुरदासपुर हमले, मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या और गुलजार सिंह की कथित आत्महत्या पर राज्य से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मंत्रालय ने नशा नियंत्रण और कानून-व्यवस्था संबंधी कदमों का ब्योरा भी तलब किया है।

पंजाब में नशे के कारोबार पर केंद्र की चिंता
नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। पंजाब में नशे के कारोबार को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब सरकार पर शुक्रवार को निशाना साधा और विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की। शाह ने कहा कि पंजाब में नशे का कारोबार फल-फूल रहा है। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पंजाब आज नशीले पदार्थों, गैंगस्टरवाद और संगठित अपराध के बढ़ते खतरों से जूझ रहा है। भगवंत मान सरकार के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर पंजाब के लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? शाह के इस बयान के बाद सख्त रूख दिखाते हुए पंजाब में नशीले पदार्थों की उपलब्धता और उससे जुड़े गंभीर मामलों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मंत्रालय ने राज्य के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर गुरदासपुर में हमले, मानसा में परविंदर सिंह उर्फ झोटा की हत्या और गुलजार सिंह की कथित आत्महत्या से जुड़े मामलों पर तथ्यात्मक जानकारी मांगी है। गृह मंत्रालय के पत्रों के मुताबिक, इन मामलों में नशे के कारोबार और सिंथेटिक ड्रग्स की उपलब्धता को लेकर आरोप सामने आए हैं। मंत्रालय ने राज्य में कानून-व्यवस्था पर पड़ने वाले संभावित असर को देखते हुए घटनाओं की विस्तृत जानकारी और राज्य सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का ब्योरा मांगा है।
तीन मामलों का घटनाक्रम
तीन मामलों में क्या हुआ?
-गुरदासपुर में हमले में एक की मौत, दो गंभीर घायल : गृह मंत्रालय के पत्र के अनुसार, गुरदासपुर जिले की बटाला तहसील के मारी पनवान गांव में नशा बेचने से रोकने पर बिक्रमजीत सिंह पर हमला किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई। जबकि निशान सिंह और गुरमुख सिंह गंभीर रूप से घायल हुए। हमले का संबंध नशीले पदार्थों से होने के आरोपों के बीच मंत्रालय ने पंजाब सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
-मानसा में परविंदर सिंह उर्फ झोटा की हत्या : नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्तूबर को मानसा के बाजार में मेडिकल स्टोर मालिक ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद पंजाब में विरोध-प्रदर्शन हुए। गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से घटना के तथ्यों और इस मामले में उठाए गए कदमों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
-गुलजार सिंह की मौत : गृह मंत्रालय ने आठ सितंबर को हुई गुलजार सिंह की कथित आत्महत्या के मामले में भी रिपोर्ट मांगी है। पत्र में उल्लेख है कि उन्होंने अपने क्षेत्र में सिंथेटिक ड्रग्स की उपलब्धता पर सवाल उठाए थे और पंजाब सरकार के एक मंत्री पर आरोप लगाए थे। स्थानीय पंचायत पर कथित उत्पीड़न और दबाव डालने के आरोपों का भी उल्लेख किया गया है। ये आरोप हैं, जिनकी जांच के निष्कर्ष पत्र में नहीं दिए गए हैं।
नशा नियंत्रण पर केंद्र की योजना
नशा नियंत्रण पर केंद्र का फोकस
परविंदर सिंह झोटा के मामले से जुड़े पत्र में गृह मंत्रालय ने विजन डॉक्यूमेंट ऑन नारकोटिक्स कंट्रोल (2026–2029) का भी उल्लेख किया है। इसके तहत समर्पित एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ), वित्तीय जांच, एनकॉर्ड की समीक्षा व्यवस्था, अभियोजन को मजबूत करने, एनडीपीएस अदालतों को सशक्त बनाने और अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जैसे बिंदुओं पर पंजाब सरकार से की गई कार्रवाई का ब्योरा मांगा गया है।
शाह का पंजाब सरकार से जवाब मांगना
पंजाब की जनता को वादे नहीं जवाब चाहिए
शाह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि दिड़बा में एक पिता का दबाव में आकर जहर खा लेना और मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिन-दहाड़े हत्या ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। केंद्रीय गृहमंत्री ने लिखा कि पंजाब में नशीले पदार्थों का कारोबार दिन-ब-दिन बढ़ रहा है, संगठित अपराध का खतरा गहरा रहा है और जो लोग नशीले पदार्थों के खिलाफ आवाज उठाते हैं, उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। शाह ने कहा कि ‘भगवंत मान जी, पंजाब की जनता को वादे नहीं जवाब चाहिए, घोषणाएं नहीं बल्कि नतीजे चाहिए, ड्रग नेटवर्क के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई चाहिए और अपराधियों को मिल रहे किसी भी राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।’ उन्होंने कहा कि मैं पंजाब की जनता के सामने अपना संकल्प दोहराता हूं कि पंजाब में हमारी सरकार बनने पर हम एक नशा-मुक्त, गैंगस्टर-मुक्त और सुरक्षित पंजाब बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। शाह ने कहा कि हमारा लक्ष्य स्पष्ट है नशीले पदार्थों के कारोबार पर प्रहार, युवाओं के भविष्य की सुरक्षा, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कानून का ऐसा राज, जिसमें किसी भी नागरिक को डर के साये में जीने के लिए मजबूर न होना पड़े।

