ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशसंपर्क फॉर समर्थनः ठाकरे, टाटा से मिले अमित शाह, कांग्रेस ने साधा निशाना

संपर्क फॉर समर्थनः ठाकरे, टाटा से मिले अमित शाह, कांग्रेस ने साधा निशाना

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को शिव सेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, रतना टाटा और एकट्रेस माधुरी दीक्षित से मिले। उद्धव ठाकरे और रतन टाटा से मुलाकात के बाद अमित शाह ने ट्वीट कर...

shah met udhav
1/ 2shah met udhav
sampark for samarthan
2/ 2sampark for samarthan
नई दिल्ली, लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 07 Jun 2018 07:35 AM
ऐप पर पढ़ें

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को शिव सेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, रतना टाटा और एकट्रेस माधुरी दीक्षित से मिले। उद्धव ठाकरे और रतन टाटा से मुलाकात के बाद अमित शाह ने ट्वीट कर बताया तो वहीं कांग्रेस इन पर निशाना साधा। 

अमित शाह ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को मजबूत करने के लिए 'समर्थन के लिए संपर्क' अभियान के तहत ठाकरे से मुलाकात की। शिव सेना भले ही केन्द्र और महाराष्ट्र सरकार में शामिल है लेकिन दोनों पार्टियों के बीच संबंध सामान्य नहीं है। यह संबंध पालघर लोकसभा सीट के उप चुनाव के दौरान और खराब हो गये थे। इसके बाद ही ठाकरे ने आगामी चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा कर दी थी।

भाजपा ने मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर 2019 के लोकसभा चुनावों की तैयारी को ध्यान में रखकर 'समर्थन के लिए संपर्क' अभियान शुरू किया है। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों समेत पार्टी के करीब 4000 पदाधिकारी विभिन्न क्षेत्रों की एक लाख जानीमानी हस्तियों से संपर्क करेंगे। इस अभियान के तहत शाह स्वयं 50 लोगों से मुलाकात करेंगे।

मुलाकात के बाद शाह- टाटा का ट्वीट, निरुपम की टिप्पणी
‘संपर्क फॉर समर्थन’ अभियान के तहत श्री रतन टाटाजी से मिला। मैंने उन्हें मोदी सरकार की विकास की उपलब्धियों और पहल के बारे में बताया। उनके साथ मुलाकात बहुत अच्छी रही और उनकी बातचीत को हम काफी अहमियत देते हैं। 
- अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष 

अमित शाह ने रतन टाटा से भी की मुलाकात

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज उद्योगपति रतन टाटा से 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले अपनी पार्टी के ' संपर्क फॉर समर्थन  अभियान के तहत मुलाकात की। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रावसाहेब दानवे भी इस दौरान मौजूद थे। शाह ने दक्षिण मुंबई में टाटा के आवास पर उनसे मुलाकात की।

 बैठक के दौरान शाह ने पिछले चार वर्षों में मोदी सरकार की उपलब्धियों और उसकी पहल पर चर्चा की। यह बैठक तकरीबन 30 मिनट तक चली। शाह ने आज दोपहर यहां पहुंचने पर फडणवीस , दानवे , राज्य मंत्री विनोद तावड़े और संगठन सचिव विजय पुराणिक के साथ उपनगरीय बांद्रा में रंगशारदा में संक्षिप्त बैठक की।

गठबंधन को मजबूती देने के लिए उद्धव ठाकरे से मिले अमित शाह
श्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात अच्छी रही। बीते चार साल में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विभिन्न राष्ट्रीय पहल एवं सुधारों को लागू करने में प्रगति को जानकर प्रभावित हूं। प्रमुख राष्ट्रीय कार्यक्रमों के समर्थन के लिए टाटा ट्रस्ट की प्रतिबद्धता पर भी चर्चा हुई। 
- रतन टाटा 

कांग्रसे का वार  
दोनों नेताओं (शाह-ठाकरे) की मुलाकात पर निशाना साधते हुए मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरुपम ने कहा कि अमित शाह की मातोश्री की यात्रा आम मुद्दों से लोगों का बस ध्यान भटकाने के लिए रही है। शिवसेना-भाजपा ने मुंबई को निराश किया है। उन्होंने हर मोर्चे पर मुंबईकरों को नाकाम किया है। चाहे वह बुनियादी ढांचा हो, स्वच्छता, स्वास्थ्य और जल आपूर्ति की बात हो। उनकी आपसी लड़ाई आपसी सहमति से मेलो ड्रामा है। अमित शाह आज शहर में हैं और उसी वक्त मेरे घर पर भारी तादाद में पुलिस बंदोबस्त की गयी। क्यों? आखिर भाजपा हमारे सवालों से इतनी डरी क्यों है? 


बीमार होने के कारण शाह से नहीं मिल पाईं लता मंगेशकर

अमित शाह की आज सुरों की मलिका लता मंगेशकर से भी मुलाकात होने वाली थी। लेकिन गायिका के बीमार होने के कारण मुलाकात टल गई। भारत रत्न से सम्मानित गायिका ने ट्वीट करते हुए बताया कि भोजन विषाक्तता के कारण वह शाह से मुलाकात नहीं कर पाईं और उन्होंने उनसे फोन पर बातचीत की। साथ ही उन्होंने उनकी (शाह की) अगली मुंबई यात्रा के दौरान उनसे मिलने का निवेदन भी किया। 

लता ने लिखा कि आज भाजपा अध्यक्ष माननीय अमित शाह जी से मेरी मुलाकात होने वाली थी, परंतु मुझे फूड पॉइजनिंग होने की वजह से मैंने उनसे टेलीफोन पर बात कर मिलने में असमर्थता व्यक्त की और अगली बार जब वह मुंबई आयेंगे तब उनसे मिलने का निवेदन किया।

माधुरी से मिले शाह, भाजपा सरकार की उपलब्धियां बतायीं

अमित शाह इस अभियान के तहत आज यहां फिल्म अभिनेत्री माधुरी दीक्षित से भी मिले और उन्हें नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों बतायीं। भाजपा अध्यक्ष के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दूसरे भाजपा नेता भी मौजूद थे। करीब 40 मिनट चली बैठक में शाह ने अभिनेत्री को पिछले चार सालों में भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाने वाली एक पुस्तिका भेंट की। बैठक में माधुरी के पति श्रीराम नेने भी मौजूद थे। नेने एक सर्जन हैं। 

शाह ने ट्विटर पर लिखा कि संपर्क से समर्थन पहल के तहत मुंबई में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री माधुरी दीक्षित से उनके घर पर मिलना सुखद था। हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की सफलताओं एवं क्रांतिकारी पहलों पर चर्चा की। 

इससे पहले वह पूर्व सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग, लोकसभा के पूर्व महासचिव सुभाष कश्यप, पूर्व क्रिकेटर कपिल देव, पूर्व प्रधान न्यायाधीश आर सी लाहोटी और योग गुरू रामदेव से भी मिले थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें