हिस्ट्रीशीटर अमित राय का हुआ जेल स्थानांतरण
गाजीपुर के करीमुद्दीनपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर अमित राय को सोमवार को आजमगढ़ जेल स्थानांतरित किया गया। उसके खिलाफ 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में फायरिंग मामले में उसकी गिरफ्तारी हुई थी, जिसके चलते उसकी जेल सुरक्षा पर खतरा बताया गया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उसे स्थानांतरित किया गया।

गाजीपुर। करीमुद्दीनपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर अमित राय को सोमवार को अचानक जिला कारागार से आजमगढ़ जेल स्थानांतरित कर दिया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच अमित को आजमगढ़ जेल भेजा गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अमित राय के विरुद्ध 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं तथा वह पुलिस का हिस्ट्रीशीटर है। हाल ही में शहर कोतवाली क्षेत्र के अष्टभुजी कॉलोनी में प्रवीण उपाध्याय के घर पर कथित फायरिंग के मामले में दर्ज मुकदमे में अमित राय और आयुष राय उर्फ गोल्डेन को पुलिस ने जेल भेजा है। मामले में अमित राय के भाई अनूप कुमार राय ने मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को प्रार्थना पत्र भेजकर अमित की जेल के भीतर सुरक्षा का खतरा बताया था।
इसी दौरान सोमवार को जिला कारागार से सोमवार को लगभग 2.20 बजे अचानक अमित राय को जेल से बाहर लाया गया। कड़ी सुरक्षा में अमित राय को आजमगढ़ जिला कारागार में दाखिल कर दिया गया। जेल अधीक्षक जगदम्बा प्रसाद दूबे ने बताया कि बंदी अमित राय का पुराना आपराधिक रिकार्ड है। ऐसे में जेल की कानून व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अमित राय का जेल स्थानांतरण किया गया है।


