काव्या ने तीन किलोमीटर दौड़ में जीता स्वर्ण
अमेठी की छात्रा काव्या पांडेय ने प्रांत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में तीन किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। उनके सफल प्रदर्शन के आधार पर क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। विद्यालय के अन्य छात्रों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे विद्यालय का नाम रोशन हुआ।

अमेठी। संवाददाता सरयू देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज केशव नगर की छात्रा काव्या ने प्रांत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है। अन्य छात्र-छात्राओं ने भी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। शुक्रवार को कालेज में पदक जीतने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य अरविंद कुमार पांडेय ने सभी विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।सुल्तानपुर में आयोजित प्रान्त स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में कालेज की छात्रा काव्या पांडेय ने तीन किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता, वहीं 800 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान हासिल किया।
उनके इस प्रदर्शन के आधार पर अब देवरिया में आयोजित क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। इसी वर्ग में पलक सिंह ने 1500 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। छात्रा आराध्या ने 600 मीटर दौड़ में द्वितीय, 400 मीटर दौड़ में द्वितीय और 4 गुणे 100 मीटर रिले रेस में प्रथम स्थान प्राप्त किया। किशोर वर्ग में किशन सिंह ने भाला फेंक, ऊंची कूद और त्रिकूद तीनों स्पर्धाओं में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं रवि प्रकाश द्विवेदी ने 200 मीटर दौड़ में द्वितीय और 4 गुणे 100 मीटर रिले में द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालयों में शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और संस्कारों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे छात्र सर्वांगीण विकास करते हैं। इस अवसर पर खेलकूद प्रमुख आचार्य श्री सुरेशमणि ओझा सहित समस्त आचार्य बंधु उपस्थित रहे।


