15 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान मनाएंगे विद्यालय
अम्बेडकरनगर में माध्यमिक विद्यालयों में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित होंगे। छात्र विभाजन के ऐतिहासिक संदर्भ और राष्ट्रीय एकता के महत्व से अवगत होंगे। तिरंगा फहराने और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।

अम्बेडकरनगर, संवाददाता। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस तथा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान 2026 के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा की तरफ से जारी आदेश में शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। 14 अगस्त को विद्यालयों में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर गोष्ठियों, परिचर्चाओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों को देश के विभाजन के ऐतिहासिक संदर्भ, उससे प्रभावित परिवारों की पीड़ा तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता के महत्व से अवगत कराया जाएगा।
साथ ही छात्रों को विभाजन विभीषिका पर आधारित राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रभात फेरी, राष्ट्रीय ध्वज फहराने, राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत के सामूहिक गायन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध, चित्रकला, भाषण तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। विद्यार्थियों और शिक्षकों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा अभियान की गतिविधियों को हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ कुमार सिंह ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को अभी से इसकी तैयारी करने के निर्देश दिए हैं।


