प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
अम्बेडकरनगर में 01 से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान-2026 शुरू हुआ। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने रैली के जरिए जागरूकता फैलाने के लिए प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाई। अधिकारियों ने स्वच्छता और रोगों से बचाव की शपथ ली। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

अम्बेडकरनगर, संवाददाता। 01 से 31 अक्टूबर तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान-2026 का गुरुवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट परिसर से शुभारंभ किया। डीएम ने जागरूकता रैली एवं प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संचारी रोगों से बचाव और स्वच्छता अपनाने की शपथ दिलाई। सभी ने घर एवं आसपास साफ-सफाई रखने, जलजमाव न होने देने तथा समुदाय को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। डीएम ने निर्देश दिया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियां संचालित करें।
ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के हाईिरस्क क्षेत्रों में विशेष निगरानी, जलभराव की रोकथाम, फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर संपर्क कर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताएंगी। प्रचार वाहनों के माध्यम से भी ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, घर और आसपास पानी जमा न होने दें तथा बुखार या बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

