बाबा बर्फानी के दर्शन को अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था रवाना

हिन्दुस्तान, छपरा
Follow us on Google News
share

फोटो 5 ट्रेन पर सवार होने से पहले शुक्रवार को छपरा जंक्शन पर नारा लगाते बाबा बर्फानी के भक्तको छपरा से बाबा बर्फानी के पवित्र दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ...

 बाबा बर्फानी के दर्शन को अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था रवाना

फोटो 5 ट्रेन पर सवार होने से पहले शुक्रवार को छपरा जंक्शन पर नारा लगाते बाबा बर्फानी के भक्त छपरा हमारे संवाददाता l धार्मिक आस्था के बीच शुक्रवार को छपरा से बाबा बर्फानी के पवित्र दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ अमरनाथ यात्रा पर रवाना हुआ।

चढ़ावा और विदाई

अमरनाथ एक्सप्रेस से रवाना हुए करीब तीन दर्जन श्रद्धालुओं का रेलवे स्टेशन पर परिजनों, मित्रों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर तथा शुभकामनाएं देकर विदाई दी। स्टेशन परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से देर तक गूंजता रहा । यात्रा पर रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा बर्फानी का स्मरण किया तथा यात्रा के सफल, सुरक्षित और मंगलमय होने की प्रार्थना की। जत्थे का नेतृत्व रौशन सिंह भवानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष करीब तीन दर्जन श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा पर निकले हैं। यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु प्रशासन एवं श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे।

यात्रा का महत्व

उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मिक शांति, आध्यात्मिक ऊर्जा और भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। यात्रा में जनता बाजार के छोटा साधु रोहित कुमार, जितेन्द्र कुमार सोनी, कन्हैया प्रसाद, श्रीराम रावत, लालमोहन ओझा, सुनील सिंह सहित क्षेत्र के कई श्रद्धालु शामिल हैं। सभी श्रद्धालु बाबा बर्फानी के पवित्र हिमलिंग के दर्शन के साथ जम्मू-कश्मीर के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के भी दर्शन करेंगे। --- बंद रेल फाटक पार नहीं करने को चला जागरूकता अभियान छपरा, हमारे संवाददाता।

रेल सुरक्षा जागरूकता अभियान

पूर्वोत्तर रेलवे ने रेल दुर्घटनाओं की रोकथाम और लोगों में रेल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से छपरा-वाराणसी, छपरा-सोनपुर, छपरा-गोरखपुर तथा छपरा कचहरी-थावे रेलखंड पर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया है। अभियान के तहत शुक्रवार को समपार फाटकों और उनके आसपास के विद्यालयों में लोगों तथा विद्यार्थियों को रेल सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को यह संदेश देना है कि बंद समपार फाटक के नीचे या किनारे से निकलकर रेलवे ट्रैक पार करना जानलेवा साबित हो सकता है।

जनप्रतिनिधियों की अपील

अभियान के दौरान रेलवे अधिकारियों ने ग्रामीणों, वाहन चालकों और राहगीरों से अपील की कि फाटक बंद होने पर धैर्यपूर्वक प्रतीक्षा करें और गेटमैन पर फाटक खोलने का दबाव न बनाएं। साथ ही रेलवे ट्रैक पर मवेशियों को नहीं ले जाने और केवल अधिकृत समपार फाटक से ही ट्रैक पार करने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि कुछ मिनटों की जल्दबाजी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। अभियान के दौरान रेल सुरक्षा संदेशों से युक्त पंपलेट, झोले और डायरी वितरित किए गए। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि जनभागीदारी के बिना रेल दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव नहीं है। इसलिए हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह रेलवे के सुरक्षा नियमों का पालन करे। -- छपरा- पठानकोट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 28 सितंबर तक रफ्तार भरेगी छपरा, हमारे संवाददाता।

विशेष ट्रेन सेवा

यात्री की अतिरिक्त सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने 05193/05194 छपरा-पठानकोट-छपरा साप्ताहिक विशेष ट्रेन का परिचालन 11 फेरों के लिए करने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन छपरा से 20 जुलाई से 28 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार तथा पठानकोट से 22 जुलाई से 30 सितंबर तक प्रत्येक बुधवार को संचालित होगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या प्रत्येक सोमवार को दोपहर 2 बजे छपरा से रवाना होगी। यह ट्रेन छपरा कचहरी, दिघवा दुबौली, थावे, तमकुही रोड, पडरौना, कप्तानगंज, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर जंक्शन, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, लक्सर, रुड़की, सहारनपुर, यमुनानगर जगाधरी, अंबाला कैंट, लुधियाना और जालंधर कैंट होते हुए रात 10:15 बजे पठानकोट पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या प्रत्येक बुधवार को तड़के 12:30 बजे पठानकोट से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, कप्तानगंज, पडरौना, तमकुही रोड, थावे, दिघवा दुबौली और छपरा कचहरी होते हुए सुबह 9:15 बजे छपरा पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे।

अकसर पूछे जाने वाले प्रश्न

छपरा से अमरनाथ यात्रा पर कितने श्रद्धालु निकले हैं?
इस वर्ष करीब तीन दर्जन श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा पर निकले हैं।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें