चिंता : अलनीनो के प्रभाव के कारण इस बार कम पड़ेगी ठंड

हिन्दुस्तान, नवादा
Follow us on Google News
share

मानसून की बेरुखी और अलनीनो के प्रभाव से नवादा में कृषि और जनजीवन पर संकट उत्पन्न हो गया है। बारिश की कमी ने खरीफ फसल को प्रभावित किया है और रबी सीजन में भी ठंड और तापमान के परिवर्तन की आशंका जताई गई है। किसानों को आर्थिक नुक़सान का सामना करना पड़ रहा है।

चिंता : अलनीनो के प्रभाव के कारण इस बार कम पड़ेगी ठंड

मानसून की बेरुखी और अलनीनो के लगातार गहराते प्रभाव के कारण नवादा जिले में कृषि और जनजीवन पर चिंता के बादल मंडरा रहे हैं। इस वर्ष मानसून की समय से पूर्व विदाई और बारिश की कमी के कारण खरीफ सीजन पहले ही बुरी तरह प्रभावित हो चुका है। अब अलनीनो के बढ़ते प्रभाव के कारण आने वाले रबी सीजन में भी मौसम के प्रतिकूल रहने और ठंड का असर कम रहने की आशंका जताई जा रही है। बदलते मौसम का हाल यह रहा कि मंगलवार को 31 डिग्री सेल्सियस नवादा का अधिकतम तापमान रहा, लेकिन सूर्य की तपिश के कारण रियल फील 35 डिग्री वाला बना रहा। हालांकि, दोपहर के बाद बादल की अधिकता रही और सूर्य छिप सा गया था। जबकि, नवादा का न्यूनतम तापमान मंगलवार को 23 डिग्रीन्ट बन रहा। इसके साथ ही, जिले में नमी की मात्रा 68 प्रतिशत तक बनी रही। यह सब मौसम का उतार-चढ़ाव आमजनों व जिले के किसानों के लिए परेशानी का सबब बना पड़ा है।

समय से पहले विदा हुआ मानसून, शुष्क मौसम व उमस से परेशानी

मौसम विशेषज्ञ रौशन कुमार ने ​मौसम विज्ञान केंद्र पटना के हवाले से बताया कि बिहार में मानसून की वापसी की मानक तिथि 10-11 अक्तूबर होती है, लेकिन इस बार मानसून चार-पांच दिन पहले ही विदा ले रहा है। अगले एक-दो दिनों में नवादा सहित प्रदेश के सभी हिस्सों से मानसून की पूरी तरह वापसी के आसार हैं। मानसून की गतिविधियों पर विराम लगने के बाद वातावरण में नमी बनी रहने के कारण तीखी धूप और उमस भरी गर्मी बढ़ गई है। नवादा और आसपास के इलाकों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। हालांकि, वातावरण में नमी रहने से बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और 6-7 अक्तूबर के बीच जिले में कहीं-कहीं छिटपुट या हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई थी, लेकिन इससे तापमान या मौसम के मिजाज में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।

32 प्रतिशत कम बारिश से खरीफ फसलें प्रभावित

बिहार में मानसून अवधि के दौरान 992.2 मिमी की सामान्य बारिश की जगह महज 678.4 मिमी ही बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से लगभग 32 प्रतिशत कम है। यह जिले के बारिश के अभाव को भी दर्शा रहा है। जून, जुलाई और अगस्त समेत सितम्बर तक के आंकड़े दर्शा रहे हैं कि नवादा जिले में भी मानसून के दौरान बारिश का कोटा अधूरा रह गया। खरीफ फसलों के लिए आवश्यक सिंचाई का जल न मिल पाने के कारण किसानों को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा है।

अलनीनो के कारण रबी सीजन में कम पड़ेगी ठंड, खेती पर होगा खतरा

खरीफ की वर्तमान तक निराशाजनक स्थिति के बाद अब किसानों की उम्मीदें रबी फसलों पर टिकी थीं, लेकिन अलनीनो का दुष्प्रभाव अब रबी सीजन पर भी हावी होता दिख रहा है। मौसम विशेषज्ञ रौशन कुमार ने मौसम पूर्वानुमान की जानकारी देते हुए बताया कि अक्तूबर से मार्च के दौरान अलनीनो का प्रभाव सर्वाधिक रहने की संभावना है।

कम ठंड और उच्च तापमान का रहेगा रबी पर प्रतिकूल असर

कम ठंड और उच्च तापमान का रबी पर प्रतिकूल असर रहने की संभावना डरा रही है। गेहूं, चना, मसूर, मटर और सरसों जैसी रबी फसलों के बेहतर अंकुरण, वानस्पतिक वृद्धि और दानों के विकास के लिए कम तापमान की अति आवश्यकता होती है। तापमान अधिक रहने से फसलों का विकास प्रभावित होगा और पैदावार में गिरावट आ सकती है। बारिश की कमी से भूजल स्तर पहले ही नीचे चला गया है। रबी के दौरान अधिक तापमान रहने से खेतों में नमी तेजी से सूखेगी, जिससे किसानों को बार-बार सिंचाई करनी पड़ेगी और उनकी लागत बढ़ जाएगी।

किसानों की दुश्वारियों का नहीं हो पा रहा अंत

नवादा जिले के किसानों की दुश्वारियां खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले खरीफ में बारिश की कमी से परेशानियों वाली स्थिति और अब रबी सीजन में कम ठंड और सामान्य से अधिक तापमान की संभावना ने किसानों की चिंता बढ़ा द है। कृषि विशेषज्ञ रौशन कुमार का कहना है कि मौसम में आ रहे इस बदलाव पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे मौसम के मिजाज को देखते हुए रबी फसलों की बुआई के लिए कम अवधि वाली और तापमान सहनशील किस्मों का चयन करें। उन्होंने बताया कि ​आने वाले दिनों में नवादा का मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा, लेकिन अलनीनो और मानसून की अनिश्चितता के कारण पैदा हुआ यह पर्यावरणीय संकट जिले के कृषि क्षेत्र के लिए एक गंभीर चुनौती बना रहेगा।

आगामी 36 घंटों के दौरान हो सकती है छिटपुट बारिश

नवादा। मंगलवार से ले कर आगामी 36 घंटों के दरम्यान नवादा में हल्की वर्षा या छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है। इस बीच, मंगलवार को नवादा जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, यानी जिले में मेघगर्जन, बिजली चमकने और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। वहीं, बुधवार को नवादा के लिए ग्रीन अलर्ट दर्शाया गया है, यानी इस दिन किसी प्रकार की गंभीर चेतावनी या मौसम की प्रतिकूल स्थिति नहीं रहने तथा मौसम सामान्य रहने की संभावना है। इस दरम्यान, अधिकतम तापमान लगभग 31°से 37°डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 22 से 26°डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का मौसम पूर्वानुमान है। (नवादा से राजेश मंझवेकर)

सामान्य प्रश्न

✦नवादा में मानसून की वापसी की मानक तिथि क्या है?−
नवादा में मानसून की वापसी की मानक तिथि 10-11 अक्तूबर होती है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsचिंता : अलनीनो के प्रभाव के कारण इस बार कम पड़ेगी ठंड