युवती ने लगाया दुष्कर्म और धर्मांतरण के दबाव का आरोप
मुजफ्फरनगर के खतौली रतनपुरी थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर जबरन धर्मांतरण करने का दबाव डाला। युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले को लेकर क्षेत्र में पहले भी चर्चाएं हो चुकी हैं।

मुजफ्फरनगर/ खतौली रतनपुरी थाना के देहात इलाके में लगातार धर्मांतरण के मामले सामने आ रहे हैं। बुधवार को सोशल मीडिया पर 22 साल की एक और युवती का वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। युवती ने गांव के ही युवक पर दुष्कर्म करने के बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर जबरन धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया। युवती ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वायरल वीडियो यशवीर महाराज के पास पहुंचा तो उन्होंने आरोपी के न पकड़े जाने पर गांव कूच करने की चेतावनी दे दी।गांव सठेड़ी निवासी एक 22 साल की युवती ने रतनपुरी थाने में तहरीर देते हुए बताया कि वह एक स्कूल में बच्चों को पढ़ाती है।
आरोप है कि स्कूल जाते समय दो युवक उसे परेशान करते थे, लंबे समय तक दोनों स्कूल जाते समय पीछा करते रहे। अरोप है कि पिछले दिनों एक युवक ने धोखे से उसे नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी परिजनों को दी तो उन्होंने युवक को समझाने का प्रयास किया। कुछ दिन शांत रहने के बाद युवक ने उसे एक वीडियो दिखा कर ब्लैकमेल करने का प्रयास किया। युवक ने धमकी दी कि मेरे साथ निकाह कर लो वरना वीडियो वायरल कर दूंगा। युवक ने कहा कि तू इस झोपड़ी में रहती है इससे निकाल कर तुझे अहमदाबाद ले जाऊंगा। आरोप है कि युवक ने निकाह से पहले युवती को फुलत मदरसे में चलकर धर्मांतरण करने का भी दबाव बनाया। ऐसा न करने पर युवती के परिजनों को जान से मारने की धमकी दी, जिससे परिजन दहशत में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवती ने आरोपी युवक से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। आरोप है कि युवकों ने उसके भाई के साथ भी मारपीट भी की है। युवती ने बताया कि युवक के खिलाफ उसके पास मोबाइल सारे सबूत हैं। धर्मांतरण को लेकर पिछले कई महीनों से रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव चर्चाओं में हैं। सठेड़ी गांव में पहले भी धर्मांतरण के मामले सामने आए थे। उधर, वीडियो के आधार पर यशवीर महाराज चेतावनी दी कि अगर आरोपी पकड़ा नहीं जाता है तो वह सैकड़ों लोगों के साथ सठेड़ी की ओर कूच करेंगे और आरोपी के घर के सामने धरना प्रदर्शन करेंगे। रतनपुरी इंस्पेक्टर राकेश कुमार का कहना है कि युवती की तहरीर मिली है जांच शुरू कर दी गई है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


