1.78 करोड़ की वित्तीय अनियमितता में कनिष्ठ सहायक निलंबित
मऊ में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान इमिलिया में 1.78 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता के आरोपों के चलते कनिष्ठ सहायक आयुष राय को निलंबित किया गया है। आरोप है कि आयुष राय के कार्यकाल में विभिन्न मदों में धनराशि का अनियमित उपयोग किया गया। विभागीय जांच फिर से शुरू हो चुकी है।

मऊ, संवाददाता। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) इमिलिया में 1.78 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता के आरोपों ने विभाग में खलबली मचा दी है। मामले में कनिष्ठ सहायक आयुष राय को निलंबित कर दिया गया है। संयुक्त शिक्षा निदेशक, आजमगढ़ मंडल की ओर से तीन अक्तूबर को जारी आदेश में डीएलएड (बीटीसी) शुल्क मद समेत विभिन्न मदों में प्राप्त धनराशि के नियमानुसार उपयोग न किए जाने का आरोप लगाया गया है। डायट परिसर में रंगाई-पुताई, मरम्मत, टाइलीकरण और साफ-सफाई जैसे कार्यों में भी विभागीय अनुमति के बिना धनराशि खर्च किए जाने का उल्लेख है। कार्रवाई के साथ ही मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
विभागीय आदेश के मुताबिक आयुष राय के कार्यकाल में डीएलएड (बीटीसी) शुल्क मद में प्राप्त करीब 1.63 करोड़ रुपये समेत अन्य मदों की धनराशि का नियमानुसार उपयोग नहीं किया गया। इसके अलावा संस्थान परिसर में कराए गए विभिन्न कार्यों पर भी बिना विभागीय अनुमति धनराशि खर्च किए जाने की बात कही गई है। इन सभी मदों को मिलाकर आदेश में 17838258 रुपये की धनराशि का उल्लेख किया गया है। वित्तीय मामलों में बरती गई कथित अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए संयुक्त शिक्षा निदेशक ने उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 1999 के नियम-4 के तहत आयुष राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही नियम-7 के तहत उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रकरण की जांच के लिए उप निरीक्षक, संस्कृत पाठशालाएं, आजमगढ़ मंडल, आजमगढ़ को पदेन जांच अधिकारी नामित किया गया है। निलंबन अवधि में आयुष राय को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान आजमगढ़ से संबद्ध किया गया है। आदेश के अनुसार उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। इसके लिए उन्हें प्रमाण-पत्र देना होगा कि निलंबन अवधि में वह किसी अन्य सेवायोजन, व्यापार, वृत्ति अथवा व्यवसाय में संलिप्त नहीं हैं। विभाग की ओर से आरोप-पत्र अलग से जारी किए जाने की भी बात कही गई है। निलंबित कनिष्ठ सहायक आयुष राय ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस पूरे मामले में उनका पक्ष सुना ही नहीं गया। उनका आरोप है कि केवल गोपनीय शिकायत के आधार पर एकतरफा कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि उन्हें न तो कोई नोटिस जारी किया गया और न ही शिकायतकर्ता का नाम बताया गया। उनका कहना है कि विभागीय जांच में ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी। फिलहाल निलंबन के साथ विभागीय जांच शुरू हो चुकी है। जांच, आरोप-पत्र और उसके बाद होने वाली कार्रवाई के आधार पर ही वित्तीय अनियमितता के आरोपों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।

