शिकायत पर मेडिकल कॉलेज पहुंचे सपा नेता, जताया विरोध
हरदोई के समाजवादी व्यापार सभा सचिव रामज्ञान गुप्ता ने मेडिकल कॉलेज के हड्डी वार्ड में जाकर मरीजों से बात की। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पतालों में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है, जिसमें ऑपरेशन के लिए जबरदस्त वसूली की जा रही है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया और अधिकारियों के खिलाफ सवाल उठाए।
हरदोई। समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं हरदोई नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे रामज्ञान गुप्ता ने रविवार को मेडिकल कॉलेज के हड्डी वार्ड पहुंचकर मरीजों से मुलाकात की और उनका हालचाल लिया। मरीजों की शिकायत पर मेडिकल कॉलेज पहुंचे कर उन्होंने मरीजों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। रामज्ञान गुप्ता ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में भ्रष्टाचार चरम पर है। मरीजों ने उन्हें बताया कि ऑपरेशन व इलाज के नाम पर हजारों रुपये लिए जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि महिला अस्पताल में सामान्य प्रसव के लिए दो से तीन हजार तथा ऑपरेशन के लिए पांच से आठ हजार रुपये तक की वसूली की जा रही है।
दवाएं भी बाहर से लिखे जाने का आरोप लगाया। सपा नेता ने कहा कि 14 अगस्त को मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल को उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने कानपुर में सम्मानित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पतालों की व्यवस्थाएं चिंताजनक होने के बावजूद जिम्मेदारों को सम्मानित किया जाना सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली से गरीब मरीज परेशान हैं और कई लोगों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है। इस दौरान अवनीश यादव, धर्मेंद्र यादव दीपू, सोनू गुप्ता, शुभम गुप्ता और ठाकुर अंकित सिंह मौजूद रहे।


