अंतरिम आदेश के उल्लंघन पर बाद में भी चल सकती है अवमानना की कार्रवाई: हाईकोर्ट
-कोर्ट ने कहा, मुख्य कार्यवाही खारिज होने से अंतरिम आदेश के उल्लंघन की जिम्मेदारी खत्म

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि यदि किसी अंतरिम आदेश के प्रभावी रहने के दौरान उसका उल्लंघन किया गया है, तो मुख्य मामला बाद में खारिज हो जाने से संबंधित पक्ष अवमानना की कार्रवाई से बच नहीं सकता। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि कार्यवाही समाप्त होने के आधार पर अंतरिम आदेश के उल्लंघन को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। न्यायमूर्ति विकास बुधवार ने यह टिप्पणी अशुतोष ब्रह्मचारी की ओर से दाखिल अवमानना याचिका पर सुनवाई करते हुए की। मामले में शामली के जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान सहित आठ विपक्षी पक्षकारों का उल्लेख है। याचिका में सहारनपुर मंडल के आयुक्त की ओर से 27 नवंबर 2025 को पारित आदेश का पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है।
यह आदेश सहारनपुर के सहायक निबंधक, फर्म, सोसाइटी एवं चिट्स के 28 मई 2025 के आदेश से संबंधित था। याची का आरोप है कि सहायक निबंधक के आदेश पर रोक लगाए जाने के बावजूद दूसरे पक्ष को रामलीला के आयोजन और प्रबंधन की अनुमति दी गई।सुनवाई के दौरान सरकारी पक्ष ने बताया कि जिस मामले में अंतरिम आदेश पारित हुआ था, वह बाद में खारिज हो चुका है। ऐसे में अंतरिम आदेश के विलय हो जाने के कारण अवमानना की कार्रवाई नहीं बनती। इस पर कोर्ट ने 27 जनवरी 2004 के एक पूर्व निर्णय का हवाला देते हुए कहा कि अंतरिम आदेश के प्रभावी रहने के दौरान उसका उल्लंघन हुआ हो तो मुख्य कार्यवाही के बाद में खारिज होने से संबंधित पक्ष उस उल्लंघन के परिणामों से नहीं बच सकता। कोर्ट ने दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने के लिए समय देते हुए मामले की अगली सुनवाई 14 अक्टूबर 2026 को निर्धारित की है। अदालत ने अभी अवमानना के आरोपों पर अंतिम निर्णय नहीं दिया है।


