अंसारी समाज ने की संगठन विस्तार और सामाजिक सुधार पर चर्चा
ऑल इंडिया मोमिन अंसारी समाज की समीक्षा बैठक में आगामी कार्ययोजना, सामाजिक बुराइयों के अंत, और शिक्षा प्रसार पर चर्चा की गई। सभी पदाधिकारियों से क्षेत्र में समितियों का गठन करने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया गया। आगामी कांवड़ यात्रा को पारदर्शिता से संपन्न कराने की दिशा में प्रशासन के सहयोग की अपील की गई।

ऑल इंडिया मोमिन अंसारी समाज (आईमास) की समीक्षा बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद इरफान अंसारी के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों ने भाग लेते हुए संगठन की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्र की समितियों का शीघ्र गठन करने तथा संगठन का अधिक से अधिक विस्तार करने का आह्वान किया गया। साथ ही संगठन को गांव-गांव और शहर-शहर मजबूत करने के लिए विभिन्न रणनीतियों पर विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान मुस्लिम समाज में फैली सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के विषय पर भी गंभीर चर्चा हुई।
निर्णय लिया गया कि संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जल्द ही क्षेत्र में जाकर लोगों को सामाजिक कुरीतियों से बचने तथा शिक्षा, आपसी भाईचारे और जागरूकता का संदेश देंगे। बैठक में जिलाध्यक्ष अब्दुल कय्यूम अंसारी ने आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी ऐसा कार्य न किया जाए जिससे किसी व्यक्ति की आस्था या व्यवस्था प्रभावित हो। सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद इरफान अंसारी, राष्ट्रीय मुख्य महासचिव मोहम्मद ताहिर हुसैन अंसारी, राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहम्मद रिजवान अंसारी, प्रदेश महासचिव डॉ. असजद अंसारी, जिला अध्यक्ष अब्दुल कय्यूम अंसारी, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद अली अंसारी, जिला सचिव नवाब अंसारी, ब्लॉक अध्यक्ष पुरकाजी इस्तेखार अंसारी, प्रधान शेरनगर इकराम अंसारी, मीडिया प्रभारी तनवीर आलम रहे।


