रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में जीते 6 गोल्ड समेत 15 मेडल
हिमाचल प्रदेश के शिमला में आयोजित 19वीं ऑल इंडिया रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में अलीगढ़ के खिलाड़ियों ने 15 पदक जीते। टीम ने छह स्वर्ण, चार रजत और पांच कांस्य पदक हासिल किए। हिमांशु धनगर और इलिसा गोड ने अंडर-16 वर्ग की 200 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता में अलीगढ़ से कुल 15 खिलाड़ी शामिल हुए।

अलीगढ़। वरिष्ठ संवाददाता हिमाचल प्रदेश के शिमला में आयोजित 19वीं ऑल इंडिया रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में अलीगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन ऑल इंडिया आइस स्केटिंग की जनरल सेक्रेटरी जगराज सिंह साहनी और हिमाचल प्रदेश स्केटिंग के जनरल सेक्रेटरी पवन अग्रवाल ने किया।अलीगढ़ की टीम ने 15 मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया। अंडर-16 इनलाइन स्केट्स बालक वर्ग में कप्तान हिमांशु धनगर ने 200 मीटर रेस जीतकर गोल्ड मेडल हासिल किया, वहीं बालिका वर्ग में कप्तान इलिसा गोड ने 200 मीटर रेस में गोल्ड जीता। अंडर-6 में भव्य कौशिक, अंडर-8 में नव्या कौशिक, अंडर-10 में जैस्मिन शर्मा और अंडर-12 में दिव्यांश कुमार ने गोल्ड जीता।
अंडर-6 में मिहर अग्रवाल, अंडर-14 में दर्श शर्मा, अंडर-16 में चिराग कुमार और अंडर-12 बालिका वर्ग में नूपुर शर्मा ने सिल्वर जीता। अंडर-10 में जयंत शर्मा, अंडर-12 में अवनीत कुमार, अंडर-14 इनलाइन स्केट्स में कृष्णा, अंडर-14 में कुनाल और अंडर-8 इनलाइन में आदित्य खेमा ने ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया। अलीगढ़ स्केटिंग क्लासेस के सचिव प्रदीप रावत ने बताया कि अलीगढ़ से 15 खिलाड़ी प्रतियोगिता में गए थे, जिनमें 6 ने गोल्ड, 4 ने सिल्वर और 5 ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।

