किशोरी की हालत स्थिर, पहचान उजागर करने वालों पर होगा मुकदमा
छर्रा थाना क्षेत्र की दुष्कर्म पीड़िता की हालत जेएन मेडिकल कॉलेज में स्थिर है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पीड़िता अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है, लेकिन खतरे से बाहर है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर चार्जशीट लगाने की तैयारी कर रही है।

छर्रा (अलीगढ़), संवाददाता। छर्रा थाना क्षेत्र की दुष्कर्म पीड़िता की हालत जेएन मेडिकल कॉलेज में स्थिर बनी हुई है। सोमवार को पुलिस उसके बयान लेने के लिए पहुंची, मगर अभी बोलने की स्थिति में नहीं है। इस दर्दनाक घटना ने उसे पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है। दूसरी तरफ पुलिस आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य संकलन के साथ चार्जशीट लगाने की तैयारी में है, ताकि जल्द से जल्द सजा हो सके। इसके अलावा सोशल मीडिया पर पीड़िता की पहचान उजागर करने वालों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया जा रहा है। कस्बा छर्रा के एक मोहल्ला निवासी 14 साल की किशोरी शनिवार शाम को घर से सब्जी लेने गई थी। इसी बीच क्षेत्र के ही एक गांव निवासी किशन गोपाल पुत्र राजपाल व संजू पुत्र विजयपाल ने 50 रुपये और मोबाइल फोन दिलाने का लालच देकर उसे बाइक पर बिठाकर अपने घर ले गए। वहां खुद शराब पीने के साथ किशोरी को भी जबरन शराब पिलाई। इसके बाद दोनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी चीखती रही। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो किशोरी बेहोशी की हालत में मिली। पुलिस ने गंभीर हालत में उसे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उधर, नशे में धुत दोनों आरोपियों को लोगों ने दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। रविवार को दोनों को जेल भेज दिया गया। सोमवार को एसओ छर्रा अंकित कुमार मेडिकल पहुंचे, मगर किशोरी अभी पूरी तरह बयान देने की स्थिति में नहीं है। हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर है.
दुष्कर्म पीड़िता की पहचान उजागर कर वीडियो किया वायरल :
सीओ अनिवेश कुमार ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता 2023 व पॉक्सो एक्ट के तहत लैंगिक अपराध व दुष्कर्म पीड़िता की पहचान उजागर करना दंडनीय अपराध है। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर कुछ व्यक्तियों द्वारा छर्रा क्षेत्र की नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता की पहचान उजागर की जा रही है और उसका वीडियो वायरल किया जा रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ बीएनएस व पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति ने ऐसे किसी वीडियो, फोटो व पोस्ट को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है तो उसे तत्काल हटा दें। भविष्य में इस प्रकार की किसी भी सामग्री को साझा, फॉरवर्ड या प्रसारित न करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी.
वर्जन
किशोरी से दुष्कर्म के दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। बच्ची का उपचार जेएन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। डॉक्टर द्वारा बच्ची की स्थिति खतरे से बताई गई है। शीघ्र ही उसे डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। प्रकरण में साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है। अतिशीघ्र न्यायालय में चार्जशीट लगाई जाएगी। इस केस की सघन पैरवी कर दोनों अभियुक्तों को कठोरतम दंड दिलवाया जाएगा。
नीरज जादौन, एसएसपी
-----------------


