एएमयू में बदला इंकलाबी अंदाज, गिटार-रील संग ‘डिजिटल सत्याग्रह’
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्रों ने छात्र संघ चुनाव की बहाली की मांग को लेकर एक अनोखा प्रदर्शन किया है। यहां परंपरागत विरोध के बजाय, गिटार, म्यूजिक सिस्टम और डिजिटल सत्याग्रह के जरिए छात्रों ने सांस्कृतिक जागरूकता का परिचय दिया है। क्रिकेट मैच और सोशल मीडिया रील्स के माध्यम से छात्र अपनी आवाज उठा रहे हैं।

अलीगढ़। वरिष्ठ संवाददाता अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी का कैंपस इन दिनों एक अलग ही मिजाज में है। छात्र संघ चुनाव की बहाली की मांग को लेकर पिछले 10 दिनों से चल रहा यह प्रदर्शन किसी पुरानी लकीर का फकीर नहीं है। यहां न पत्थरबाजी है, न नारेबाजी का वह पुराना और थका हुआ शोर। इसके बजाय, यहां गिटार की तान है, म्यूजिक सिस्टम पर बजते 'हम देखेंगे' जैसे क्रांतिकारी तराने हैं और प्रशासन को घेरने के लिए 'डिजिटल सत्याग्रह' का सहारा लिया जा रहा है।धरना स्थल अब केवल एक विरोध प्रदर्शन की जगह नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक केंद्र में बदल गया है।
रात के सन्नाटे में, जब प्रशासन को उम्मीद होती है कि छात्र थककर सो गए होंगे, तब धरना स्थल पर क्रिकेट का मैच शुरू हो जाता है। यह विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि छात्रों की अपनी एक ऐसी दुनिया है जहां संघर्ष के बीच भी जिंदगी के रंग बाकी हैं। गिटार लिए छात्र जब 'जिंदा है अलीगढ़' का उद्घोष करते हैं, तो लगता है कि यह विरोध केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि अपने हकों के प्रति एक नई सांस्कृतिक चेतना का प्रदर्शन है। इस विरोध का सबसे दिलचस्प पहलू इसका 'जेन-जी' अंदाज है। प्रशासन की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा करने के लिए छात्र भारी-भरकम प्रेस विज्ञप्तियों के बजाय रचनात्मक 'रील' बना रहे हैं। 'तुम भी सुन लो' जैसे नारों को रील के जरिए सोशल मीडिया पर वायरल करना, छात्रों का नया हथियार बन गया है। 'एक चाय, दो समोसा...' जैसे हल्के-फुल्के नारों के बीच भी, छात्रों का संकल्प चट्टान सा अडिग है। वे फनी अंदाज में अपनी बात इस तरह कह रहे हैं कि प्रशासन के पास सुनने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता।


